बठिंडा में ‘हनीट्रैप’ और ब्लैकमेलिंग का एक मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट अस्पताल की नर्स ने अपने हुस्न और मजबूरी के जाल में फंसाकर एक शख्स को लूट लिया। अनजान नंबर से दोस्ती का हाथ बढ़ाकर घर बुलाना और फिर अश्लील वीडियो बनाकर लाखों की उगाही करना शातिर गिरोह का काम था। बठिंडा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नर्स समेत गिरोह के 4 सदस्यों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित पाल सिंह ने बठिंडा पुलिस के पास पहुंच अपनी आपबीती सुनाई। एसपी सिटी आशवंत सिंह के मुताबिक पीड़ित के फोन पर कुछ दिन पहले एक अनजान नंबर से कॉल आई। दूसरी तरफ एक महिला थी, जिसने खुद को प्राइवेट अस्पताल की नर्स बताया। बातों-बातों में महिला ने सहानुभूति बटोरने के लिए कहा कि उसका पति से विवाद चल रहा है और वह अकेलेपन से जूझ रही है। मीठी बातों में उलझाकर नर्स ने पाल सिंह को मिलने के लिए अपने ठिकाने पर बुला लिया। वीडियो डिलीट करने की एवज में 2 लाख रुपए मांगे
पाल सिंह जैसे ही महिला के बताए पते पर पहुंचे, हनीट्रैप का असली खेल शुरू हो गया। कमरे में पहले से तय योजना के मुताबिक एक अन्य महिला और दो हथियारबंद युवक आ धमके। गिरोह ने पाल सिंह को बंधक बना लिया और उनका आपत्तिजनक वीडियो शूट कर लिया। बदनामी का खौफ दिखाकर आरोपियों ने उनकी जेब में रखे 4 हजार रुपए जबरन छीन लिए और वीडियो डिलीट करने की एवज में 2 लाख रुपए की भारी-भरकम मांग रख दी। बैंक से पैसे निकालने का बहाना बनाकर भागा
आरोपियों के चंगुल में फंसे पाल सिंह ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई। उन्होंने गिरोह से कहा कि उनके पास इतने पैसे तुरंत नहीं हैं, लेकिन वे बैंक जाकर 50 हजार रुपए निकाल कर ला सकते हैं। रकम मिलने की लालच में आरोपियों ने पाल सिंह को छोड़ दिया। बाहर आते ही पीड़ित सीधे थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी दास्तान सुनाई। छापेमारी में चारों दबोचे गए
शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और मौके पर दबिश देकर चारों आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नर्स संदीप कौर (निवासी बल्लो), परवीन कौर (पारसराम नगर), बंटी (देओन) और कृष्ण सिंह (जीवन सिंह वाला) के रूप में हुई है। पुलिस ने छीने गए 4,000 रुपए बरामद कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ रंगदारी, ब्लैकमेलिंग और साजिश की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अब इनके मोबाइल खंगाल रही है ताकि पता चल सके कि इन्होंने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।