शहर के महावीर नगर थाना इलाके में ठगी का एक मामला सामने आया है। भोपाल का रास्ता पूछने के बहाने एक शातिर युवक और युवती ने महिला को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया और उनके शरीर से करीब 2 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने पार कर मौके से रफूचक्कर हो गए। मामले के अनुसार संतोषी नगर निवासी बद्री बाई घरों में काम करने जाती है। गुरूवार दोपहर को वह टीचर्स कॉलोनी में मकान में काम करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात युवक और युवती उनके पास आकर रुके और भोपाल जाने का रास्ता पूछने लगे। महिला ने बताया कि उसे इसकी कोई जानकारी नहीं थी लेकिन युवक युवती उसे बातों में लगाए रहे। कहते रहे कि वह जहां काम करते थे वहां से उन्हें मारपीट कर भगा दिया, घर जाने के भी रूपए नहीं है। इस तरह की बातों में उलझाया और इस दौरान कुछ सुंघा दिया। जिसके बाद महिला को कुछ होश नहीं रहा और जैसा वह कहते रहे वह करती रही। उससे उसका मंगल सूत्र और कानो की झुमकियां और पायल खुलवा ली और लेकर चले गए। कुछ देर बाद महिला को जब पूरी तरह होश आया तो उसे पता लगा कि बदमाशों ने उसके जेवर ले लिए और फरार हो गए। उसके हाथ में एक थैली दे गए जिसमें कपडे़ का बना कुछ रखा था। ठगे गए जेवरों की कीमत करीब दो लाख बताई जा रही है। घटना के बाद महिला महावीर नगर थाने पहुंची और मामले की शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
