मेवाड़ के कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी मंदिर में भंडार से निकली दान राशि की मंगलवार को तीसरे राउंड की काउंटिंग पूरी हुई। तीसरे राउंड में 5 करोड़ 58 लाख 2 हजार रुपए की दान राशि निकली। इसके साथ ही अब तक तीन राउंड की काउंटिंग में कुल 20 करोड़ 63 लाख 56 हजार रुपए की राशि गिनी जा चुकी है। भंडार की अभी भी दान राशि बची हुई है, जिसकी काउंटिंग बुधवार 16 सितंबर को चौथे राउंड में की जाएगी। लगातार तीन राउंड की काउंटिंग के बाद करोड़ों रुपए की राशि सामने आने से एक बार फिर श्रद्धालुओं की बड़ी आस्था देखने को मिली है। पहले दो राउंड में भी निकली थी बड़ी राशि भंडार की काउंटिंग का पहला राउंड 10 सितंबर को हुआ था। इसमें 7 करोड़ 53 लाख 60 हजार रुपए की दान राशि निकली थी। इसके बाद दूसरे राउंड में 7 करोड़ 51 लाख 94 हजार रुपए की गिनती हुई। मंगलवार को तीसरे राउंड में 5 करोड़ 58 लाख 2 हजार रुपए और जुड़ने के बाद कुल राशि 20 करोड़ 63 लाख 56 हजार रुपए पहुंच गई। अभी अंतिम आंकड़ा आना बाकी है, क्योंकि भंडार में बची दान राशि की काउंटिंग अगले राउंड में पूरी होगी। मंदिर मंडल की ओर से हर राउंड की काउंटिंग के बाद राशि की जानकारी जारी की जा रही है। बीच में चार दिन रुकी रही काउंटिंग भंडार 10 सितंबर को खोला गया था, लेकिन इसके बाद लगातार काउंटिंग नहीं हो सकी। 11 सितंबर को अमावस्या होने के कारण काउंटिंग नहीं की गई। वहीं 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार होने से बैंक बंद रहे। इन दोनों दिनों मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ भी ज्यादा रही, इसलिए काउंटिंग का काम रोक दिया गया। इसके बाद 14 सितंबर को दूसरे राउंड की काउंटिंग शुरू हुई और मंगलवार 15 सितंबर को तीसरे राउंड की गिनती पूरी की गई। अब चौथे राउंड की काउंटिंग बुधवार को होगी। सोने-चांदी का तौल बाकी भंडार से निकले सोने-चांदी का तौल अभी बाकी है। इसके अलावा मनीआर्डर और ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त दान राशि की काउंटिंग भी की जानी है। भेंट कक्ष में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती वस्तुओं का तौल भी अभी नहीं हुआ है। इन सभी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद इस बार के भंडार से प्राप्त कुल दान का अंतिम आंकड़ा जारी किया जाएगा।
