राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागर महाराज के दर्शन एवं धर्म चर्चा के लिए 14 सितंबर को भीलवाड़ा आएंगे। भीलवाड़ा में पहली बार पुलकसागर महाराज चातुर्मास के लिए आए हैं। शास्त्रीनगर के सूर्यमहल में होगी मुलाकात
भागवत के आने की अधिकृत सूचना मिलने के बाद श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत सोमवार सुबह 11 बजे आचार्यश्री के प्रवास स्थल शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल पहुंचेंगे। यहां चातुर्मास समिति की ओर से उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। चातुर्मास स्थल पर विशेष प्रबंध
इसके बाद संघ प्रमुख भागवत एवं आचार्य पुलकसागर के बीच विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श होगा। संघ प्रमुख का आगमन तय होने के बाद चातुर्मास स्थल पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। बता दें कि श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट, मेन सेक्टर, शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से भीलवाड़ा में चातुर्मास कर रहे आचार्य पुलकसागर महाराज अपनी ओजस्वी वाणी एवं क्रांतिकारी विचारों के लिए पूरे देश में विशिष्ट पहचान रखते हैं।