100 खूबसूरत द्वीपों का शहर, राजस्थान का चेरापूंजी और ग्रीन गोल्ड… ये वो नाम है, जो राजस्थान के बांसवाड़ा को टूरिस्ट्स ने दिए हैं। राजस्थान के दक्षिणांचल में बसा बांसवाड़ा जिला धीरे-धीरे पर्यटन के नक्शे पर अमिट पहचान बना रहा है। अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक महत्व इसे एक इंटरनेशनल टूरिज्म स्पॉट के तौर पर पॉपुलर कर रहा हैं। इसी कारण यहां आने वाले देसी- विदेशी टूरिस्ट्स की संख्या बढ़ गई हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी बांसवाड़ा को लगातार सर्च किया जा रहा है। पढ़िए रिपोर्ट पहले देखिए… बांसवाड़ा की 3 खूबसूरत तस्वीरें विदेशी और इन्फ्लूएंसर बोले- यह तो ग्रीन गोल्ड
यूरोप और एशिया से आए विदेशी पर्यटकों ने बांसवाड़ा की खूबसूरती को देखा। वे चाचा कोटा के टापुओं और गेमन पुल पर घूमें। वहीं मानसून सीजन में बड़ी संख्या में आस पड़ोस के राज्यों सहित विदेशी सैलानी भी बांसवाड़ा की खूबसूरती देखने के लिए पहुंचते हैं। इस बार मानसून सीजन में बांसवाड़ा की हरियाली को निहारने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। इसके कारण बांसवाड़ा शहर स्थित सभी छोटे बड़े होटल टूरिस्ट्स की बुकिंग से फुल हो गए। ट्रैवल व्लॉगर और यूट्यूबर ‘वॉन्डरलाइफ इंडिया’ ने भी बांसवाड़ा को ‘राजस्थान का ग्रीन गोल्ड’ बताया है। इसके कारण यहां के हरे-भरे पहाड़ और खूबसूरत वादियों के अलावा 100 से ज्यादा द्वीपों के शहर का हरा सोना यानी ग्रीन गोल्ड हैं। उन्होंने अपने वीडियो में मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, माही डेम और अरथुना मंदिरों की भव्यता की तारीफ की। इस बीच सोशल मीडिया उनकी इन पोस्ट को अभी तक लाखों लोग देख चुके है। इसके बाद बांसवाड़ा को लगातार इंटरनेट पर सर्च भी किया जा रहा है और पर्यटकों की संख्या पिछले सालों की तुलना में बढ़ रही है। इन स्थानों को देखने के लिए उमड़े पर्यटक इन्फ्लुएंसर बोले- लोकल खूबियों का नेशनल लेवल पर प्रमोशन जरूरी
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भरत कंसारा ने बताया- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बांसवाड़ा के कई पर्यटक स्थलों की फोटोज और वीडियो को देश के कोने-कोने तक पहुंचाया गया है, जिससे यहां की खूबसूरती सभी देख सके। जिला प्रशासन और राज्य सरकार को चाहिए कि पर्यावरण और विरासत का संरक्षण करते हुए बांसवाड़ा के टूरिज्म को नेशनल लेवल पर प्रमोट करें, जिससे यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ सके। पर्यटकों के लिए गाइड, लोकल होम स्टे और लोकल फूड को लेकर भी जानकारियां देनी चाहिए, जिससे लोग के यहां की लोकल खूबियों के बारे में जान सके। कलेक्टर बोले- वागड़ टूरिज्म सर्किट का होगा डेवलपमेंट
जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया- हमारा बांसवाड़ा जिला प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक टूरिज्म के लिए फेमस है। प्राकृतिक सौंदर्य की बात करें तो माही बांध के पीछे चाचा कोटा का क्षेत्र है। बरसात के समय बाइकिंग और साइक्लिंग के लिए भी लोग आने लगे है। कैंपिंग को लेकर भी ट्रेंड बढ़ा है। धार्मिक टूरिज्म के तौर पर त्रिपुरा सुंदरी माता का भव्य मंदिर है, जहां देशभर से श्रद्धालु आते हैं और धोक लगाते हैं। सरकार के द्वारा वागड़ टूरिज्म सर्किट का डेवलपमेंट किया जा रहा है। इसके तहत बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ के जितने भी प्राकृतिक और धार्मिक दर्शनीय स्थल है, उनको जोड़ने का काम किया जाएगा। इससे टूरिस्ट को एक ही पैकेज में तीनों जिलो के अंदर खूबसूरत स्थलों के बारे में पता चल सकेगा और वे आसानी से तीनों जिलों में घूम सकेंगे।
