हनुमानगढ़ के सदर थाना क्षेत्र में सैलून बंद कर घर लौट रहे दो भाइयों पर बाइक सवार युवकों ने लाठी-पाइप से हमला किया। इस हमले में एक भाई के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि दूसरे की पीठ और कंधे पर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावर मारपीट के दौरान उनसे करीब 3 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को गांव बनवाला के वार्ड नंबर 11 निवासी हरप्रीत सिंह (23) पुत्र गुरमीत सिंह ने रिपोर्ट दी है। हरप्रीत ने बताया कि वह और उसका भाई हरजीत सिंह पक्कासारणा में हेयर सैलून की दुकान चलाते हैं। 6 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे दोनों भाई दुकान बंद कर पैदल घर लौट रहे थे। रात करीब 9.40 बजे मनीष कुमार, रामानंद, सुनील, मंगलचंद और एक अन्य व्यक्ति पांच मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचे। सभी के हाथों में डंडे और पाइप थे। आरोपियों ने पीछे से दोनों भाइयों को पकड़ा और लाठी-पाइप से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान हरजीत सिंह के सिर पर पाइप से वार किया गया, जिससे उसे गहरी चोट लगी। हरप्रीत सिंह की पीठ और कंधे पर भी चोटें आईं। मारपीट के दौरान हमलावर हरजीत सिंह की जेब से करीब 3 हजार रुपए और मोबाइल फोन छीनकर भागने लगे। हरप्रीत सिंह ने एक आरोपी की मोटरसाइकिल को पीछे से पकड़कर रोकने की कोशिश की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार नीचे गिर गया और उसे भी चोटें आईं। घटना के बाद हरप्रीत ने अपने परिवार को जानकारी दी। परिवार के लोग दोनों घायलों को पक्कासारणा अस्पताल ले गए। हरजीत सिंह के सिर में ज्यादा चोट होने के कारण उसे हनुमानगढ़ टाउन के सरकारी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हरप्रीत ने आरोप लगाया कि हमलावर नशे में थे और उनमें से कुछ नशे के कारोबार में भी शामिल हैं। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट और चोटों के निरीक्षण के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक शैताराम को सौंपी गई है। पुलिस घटना के कारणों, आरोपियों की भूमिका और रुपए-मोबाइल फोन छीनने के आरोपों की जांच कर रही है।
