भीलवाड़ा नगर निकाय चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत भीलवाड़ा नगर निगम और बीगोद नगरपालिका में बुधवार को मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल रवाना मंगलवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को आवश्यक सामग्री और ईवीएम देकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। सभी अधिकारियों की ट्रेनिंग हुई जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने बताया- राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी रिटर्निंग अधिकारी, पोलिंग पार्टियां,सेक्टर मजिस्ट्रेट और एरिया मजिस्ट्रेट की ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूर्ण करा ली गई है। चुनाव निष्पक्ष और सुचारू रूप से कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और प्रोटोकॉल सुनिश्चित किए गए हैं। निर्वाचन की तैयारियां पूरी प्रशिक्षण कार्यक्रम में चुनाव पर्यवेक्षक भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही राजनीतिक दलों के साथ बैठकें की जा रही हैं और उन्हें आवश्यक चुनावी सामग्री और प्रपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। समस्त दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्वाचन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अंतिम दिन घर-घर जाकर मनुहार इधर, चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद मंगलवार को अंतिम दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने घर-घर जाकर मतदाताओं को साधने में अपनी पूरी ताकत लगा दी। शहर की गलियों में दिनभर मतदाता से मनुहार का दौर चलता रहा। कहीं चाय-पानी की चुस्कियों के साथ वोटिंग के समीकरण बिठाए जा रहे हैं। प्रत्याशियों द्वारा अंतिम समय तक वोट अपने पक्ष में करने की पुरजोर कोशिश की जा रही है। 70 वार्डों में 277 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला भीलवाड़ा शहर में नगर निगम के 70 वार्डों में 277 प्रत्याशी मैदान में हैं। 265 बूथों पर 2 लाख 96 हजार 682 मतदाता मतदान करेंगे। जबकि बीगोद नगर पालिका के 25 वार्डों में 83 प्रत्याशी मैदान में हैं। 25 बूथों पर 13675 मतदाता मतदान करेंगे। मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया हैं।
