राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में करीब ढाई साल से थमी चुनावी प्रक्रिया अब फिर शुरू हो गई। लंबे विवाद, एडहॉक कमेटी और प्रशासकीय व्यवस्था के बाद आखिरकार राजस्थान क्रिकेट की सत्ता के लिए चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। RCA की चुनावी प्रक्रिया 7 सितंबर से शुरू हुई। वहीं मतदान होने पर 29 सितंबर को वोटिंग के साथ इसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। RCA के चुनाव का जिम्मा पूर्व प्रशासनिक अधिकारी ए.के. पांडे को दिया गया है। उन्होंने हाईकोर्ट के समक्ष चुनावी कार्यक्रम पेश किया है। कोर्ट के निर्देशों के बाद अब RCA को निर्वाचित प्रबंधन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। चुनाव अधिकारी ने 3 नए जिलों को RCA वोटर लिस्ट में शामिल किया है। इनमें खैरथल तिजारा, कुचामन डीडवाना और बालोतरा नए जिलों को शामिल किया गया है। आज से शुरू हुआ चुनावी खेल चुनावी कार्यक्रम के अनुसार- 7 सितंबर को चुनाव कार्यक्रम जारी करने के साथ जनरल मीटिंग का नोटिस भी जारी किया गया है। इसके बाद सबसे अहम चरण मतदाता सूची को लेकर होगा। 24 सितंबर को नामांकन, 28 सितंबर तक नाम वापस लेने का मौका अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के अगले दिन 24 सितंबर को उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और इसी दिन पात्र उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। उम्मीदवारों के पास 28 सितंबर तक नाम वापस लेने का मौका रहेगा। ऐसे में चुनाव निर्विरोध नहीं होता और मतदान की स्थिति बनती है तो 29 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान के साथ ही उसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। तीन नए जिले शामिल करने से बढ़े वोटिंग राइट राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में अब तक 33 जिला संघ थे। इनके अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सचिव तीन में से कोई भी चुनावी मैदान में उतर सकता था। जबकि सिर्फ सचिव के पास वोटिंग राइट होता था। चुनाव अधिकारी और प्रशासक ने तीन नए जिलों को शामिल कर दिया है। ऐसे में अब 108 लोग फिलहाल RCA चुनाव लड़ने योग्य हैं। RCA वोटर में 36 जिला सचिव के साथ ही राजस्थान से इंडिया खेलने वाले 2 खिलाड़ी पंकज सिंह और गगन खोड़ा भी वोट दे सकेंगे। RCA की गुटबाजी फिर आएगी सामने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में गुटबाजी कोई नई बात नहीं है। पिछले कई सालों से RCA की राजनीति में अलग-अलग धड़ों के बीच खींचतान खुलकर सामने आती रही है। अब चुनाव की तारीख तय होने के बाद एक बार फिर क्रिकेट की जगह सत्ता का खेल तेज होने की संभावना है। ऐसे में चुनावी नोटिस जारी होने के साथ ही अध्यक्ष समेत RCA के दूसरे महत्वपूर्ण पदों को लेकर दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। जबकि अंदरखाने बैठकों, समर्थकों की लामबंदी और वोटों के समीकरण साधने का दौर पिछले लंबे वक्त से जारी है। ऐसे में 33 जिला क्रिकेट संघ में पदाधिकारी नेता पुत्रों के साथ ही अन्य पदाधिकारी में रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। चुनाव में देरी का खिलाड़ियों को हुआ नुकसान RCA में चुनाव नहीं होने का असर राजस्थान के क्रिकेट खिलाड़ियों पर भी पड़ा। चुनावी अस्थिरता के बीच चयन प्रक्रिया, क्रिकेट कैंप और प्रदेश में क्रिकेट गतिविधियों को लेकर भी कई स्तर पर सवाल उठते रहे। अब निर्वाचित प्रबंधन आने के बाद राजस्थान क्रिकेट में रुकी हुई गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। खिलाड़ियों के कैंप, चयन प्रक्रिया और घरेलू क्रिकेट से जुड़े फैसलों को लेकर भी नई व्यवस्था से तेजी की उम्मीद की जा रही है। राजस्थान क्रिकेट में शुरू होगा सत्ता संग्राम चुनाव कार्यक्रम सामने आते ही RCA की राजनीति में हलचल तेज होना तय माना जा रहा है। अब तक पर्दे के पीछे चल रही गतिविधियां खुलकर सामने आ सकती हैं। अध्यक्ष पद समेत प्रमुख पदों के लिए कौन-कौन मैदान में उतरता है। किस धड़े को किस जिले के क्रिकेट संघों का समर्थन मिलता है। आखिरी समय तक कौन किसके साथ खड़ा रहता है, इन सब पर नजर रहेगी।
यह खबर भी पढ़िए… राजस्थान हाईकोर्ट ने RCA की एडहॉक कमेटी निलंबित की:IAS भास्कर ए. सावंत बने इंचार्ज; अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट स्थगित राजस्थान हाईकोर्ट ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया था। कोर्ट ने होम सेक्रेटरी (IAS) भास्कर ए. सावंत को RCA का इंचार्ज नियुक्त किया। मामले की सुनवाई कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एस.पी. शर्मा की खंडपीठ ने की। पूरी खबर पढ़ें…
