तरनतारन के सिविल सर्जन कार्यालय के अधीन सरकारी अस्पताल कॉम्प्लेक्स में बने ड्रग कंट्रोल ऑफिस में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर कमरों के ताले तोड़कर नल, पाइप, पत्थर के वॉशबेसिन समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। वहीं, स्टोर में रखी जब्त दवाओं के कई डिब्बों की सील भी टूटी मिली है। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर हरप्रीत सिंह ने बताया कि वह जरूरी फाइल लेने के लिए कार्यालय पहुंचे थे। वहां कुछ लोग कार्यालय की खाली जगह पर लंगर तैयार कर रहे थे। परमिशन के बारे में पूछने पर उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कार्यालय का जाली वाला दरवाजा खोला तो अंदर लकड़ी के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी पहली मंजिल पर बने स्टोर के ताले भी टूटे मिले। यहां अलग-अलग मामलों में जब्त की गई दवाओं के डिब्बों की सील टूटी हुई थी और दवाएं बिखरी पड़ी थीं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि स्टोर से कितनी दवाएं गायब हुई हैं। अधिकारी के मुताबिक चोरी के कारण पानी लगने से कुछ दवाएं खराब हो गईं और रिकॉर्ड को भी नुकसान पहुंचा है। हरप्रीत सिंह ने थाना सिटी तरनतारन में लिखित शिकायत दी है और मामले की जानकारी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब को भी दी गई है। इंस्पेक्टर परमजीत सिंह विरदी ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।