बाड़मेर में शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने बायतु विधायक हरीश चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बहुत समझदार और कलाकार हैं। पंजाब में अपनी कला का प्रदर्शन किया और अब मध्यप्रदेश में कर रहे हैं। राजस्थान में पॉलिटिकल टूरिज्म करते हैं और जरूरत के वक्त झाल-खेजड़ी करते रहे, लेकिन जनता सब समझती है। अब पॉलिटिकल प्रपंच नहीं करना चाहिए। भाटी ने यह बात आज मीडिया से बातचीत के दौरान कही। दरअसल, दो दिन पहले पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बाड़मेर-बालोतरा दौरे के दौरान हरीश चौधरी ने बिना नाम लिए भाटी पर निशाना साधते हुए कहा था कि आपके बीच बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल बैठे हैं, जो कहीं बाहर घूमने और रील बनाने नहीं जाते हैं। भाटी बोले- जरूरत के समय सिर्फ झाल-खेजड़ी करते रहे शिव विधायक ने कहा – मुस्लिम समुदाय ने इनका पूरी तरीके से साथ दिया। उनके साथ खड़े रहने की बजाय ऑपरेशन क्लिन के समय में सिर्फ झाल, खेजड़ी करके तमाम चीजों की इतिश्री कर दी। बायतु विधायक के दो दिन पहले बाड़मेर-जैसलमेर के सांसद आपके बीच में बैठे हैं, वाले बयान पर भाटी ने पलटवार करते हुए कहा कि सांसद को वोट भी यहां की जनता ने दिया, खासकर अल्पसंख्यकों ने दिए थे। उस समय जरूरत थी कि उस बुलडोजर के आगे सो जाते। उस समय कहते कि वहां खड़े रहकर कहते कि यह लोग हमारे हैं। इस तरीके से मस्जिदें मत गिराओ। सिर्फ झाल, खेजड़ी करते रहे। जनता बहुत समझदार है। अगर आप लोगों के आगे आकर लड़ते तो तमाम चीजें समझ में आतीं। उनकी लड़ाई को लड़ने की जगह तमाम चीजें होने के बाद सद्भावना के नाम पर रैली की। बोले- कहते तो बुलडोजर के आगे बैठ जाता भाटी ने कांग्रेस और सत्ताधारी बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पॉलिटिकल एजेंडा न केवल कांग्रेस का है, बल्कि सत्तारूढ़ पार्टी को भी पॉलिटिकल माइलेज मिले। यह सब चीजें हुईं तो कांग्रेस को आनंद आया कि मुसलमान एकजुट हो रहे हैं, ठीक काम हो रहा है। इन्होंने भी कोई विरोध या प्रदर्शन नहीं किया। सत्तारूढ़ दल को लगा कि ठीक काम हो रहा है। हमारे जितने भी वोटर हैं, वो भी एक तरफ हो रहे हैं। वोटर विकास, पानी, बिजली की बात कर लेंगे। यह एक ऐसा धार्मिक इश्यू है, इस पर दोनों बरगला सकते हैं। बरगलाने में यह दोनों पार्टियां कामयाब हुईं। जो हिंदू-मुस्लिम करके जो पॉलिटिक्स करनी चाह रहे हो, मेरे को लगता है यह ठीक नहीं है। भाटी ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के भाई मुझे अगर कहते तो हम इनके लिए जेसीबी के आगे बैठना पड़ता तो बैठ जाता और दो-दो हाथ कर लेते। बिना कुछ किए केवल सद्भावना के नाम पर तमाम चीजें कर रहे हो। यह पॉलिटिकल प्रपंच चलेंगे नहीं। ‘इतने हितैषी हो तो अल्पसंख्यक को जिला प्रमुख बनाओ’ भाटी ने कहा कि अगर आप इनके हितैषी हो और पंचायतीराज का चुनाव है, तो आप अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्ति को प्रत्याशी बनाकर जिला प्रमुख उतारोगे। तो वाकई समझ में आएगा कि आप इनके हितैषी हो। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि अल्पसंख्यक के किसी भी आदमी को आगे नहीं ला सकेंगे। सब चीजें इनको खुद को चाहिए। पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, प्रधान, जिला प्रमुख, विधायक, सांसद सब इनको चाहिए। भाटी बोले- पॉलिटिकल पौध के लिए यूरिया-डीएपी डाल रहे बड़े नेता शिव विधायक ने कहा कि मेरी सभी राजनीतिक दलों से निवेदन है कि आप आम लोगों के बीच इतना जहर मत डालो कि आप वापस इनके बीच जा नहीं सको। आप तो जहर डालकर चले जाओगे। बॉर्डर के इलाके में आम आदमी भाई-भाई की तरह साथ में रहते हैं। इनमें इस तरह का जहर मत डालो। जितने भी बड़े-बड़े पॉलिटिकल लोग हैं, पॉलिटिकल पौध के लिए यूरिया, डीएपी डालकर चले जाते हैं। इसका असर लंबे समय तक इंटरनेशनल बॉर्डर पर रहता है। आपकी यह पॉलिटिकल एंट्रेजी एक्सपोज हो चुकी है। — संबंधित ये खबर भी पढ़ें … ‘कुर्सी मुझे नहीं छोड़ रही, मैं तो छोड़ना चाह रहा’:कांग्रेस विधायक का तंज- ये सब बहाने; लड़ाई सिर्फ मुख्यमंत्री और MLA बनने की, मंत्री पद कुछ नहीं कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी मंगलवार को विश्नोई समाज के पंच रहे गोरधन राम विश्नोई की प्रथम पुण्यतिथि के कार्यक्रम में पहुंचे। जहां उन्होंने राजनीतिक तंज कस दिया। पूरी खबर पढ़ें