पाली शहर के नगर निकाय चुनाव में बाहरी प्रत्याशियों को टिकट दिए जाने को लेकर कई वार्डों में विरोध के सुर तेज हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने ‘बाहरी प्रत्याशी वापस जाओ’ के बैनर लगाकर विरोध दर्ज कराया है, वहीं कई वार्डों में चुनावी समीकरण पूरी तरह बदलते नजर आ रहे हैं। वार्ड संख्या 26 में मीटिंग, निर्दलीय कुसुम सोनी को मिला समर्थन
बुधवार शाम शहर के वार्ड संख्या 26 के लोग बाहरी प्रत्याशी के विरोध में रणनीति बनाने और एक निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देने के लिए जुटे। हालांकि, चर्चा के दौरान व्यास कॉलोनी के निवासी यह कहते हुए बैठक बीच में छोड़ गए कि उनके क्षेत्र से कम लोग आए हैं, इसलिए उनका उम्मीदवार चुना नहीं जा सकेगा। इसके बाद मौजूद अन्य वार्डवासियों ने सर्वसम्मति से पूर्व सभापति कुसुम सोनी को समर्थन देने का फैसला किया, जो निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में हैं। इस बैठक के दौरान एक अन्य निर्दलीय उम्मीदवार बहादुर सिंह ने भी कुसुम सोनी के समर्थन में 3 सितंबर को अपना नामांकन फॉर्म वापस लेने की घोषणा कर दी। बीजेपी का पारंपरिक गढ़, फिर अचानक बढ़ा असंतोष
वार्ड 26 में महावीर नगर, तिलक नगर, जय नारायण व्यास कॉलोनी, ईदगाह रोड, नेहरू नगर और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र शामिल हैं। इस वार्ड में कुल 3154 मतदाता हैं, जिनमें 1568 महिला और 1568 पुरुष वोटर हैं। इस वार्ड को बीजेपी का पारंपरिक गढ़ माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में जैन समुदाय के लोग रहते हैं। इस बार यह सीट अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षित हुई। इसके बाद भाजपा ने वार्ड संख्या 40 के निवासी शिवजी प्रजापत को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया। पूर्व पार्षद नरेश मेहता और अन्य स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए मांग की थी कि इसी वार्ड के किसी ओबीसी वर्ग के व्यक्ति को टिकट दिया जाए। बात न बनने पर पूर्व सभापति कुसुम सोनी ने निर्दलीय के रूप में पर्चा भर दिया। कांग्रेस अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतार सकी
इस वार्ड से कांग्रेस अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतार सकी। नामांकन के बाद 2 सितंबर को निर्दलीय उम्मीदवार धीरेंद्र सिंह और प्रवीण शर्मा ने अपने फॉर्म वापस ले लिए। अब बहादुर सिंह के फॉर्म वापस लेने के बाद चुनावी मैदान में भाजपा के शिवप्रकाश प्रजापत, निर्दलीय कुसुम सोनी और गोपाल सिंह ही बचे हैं। स्थानीय लोगों का समर्थन मिलने के बाद इस सीट पर मुकाबला रोमांचक हो गया है। वार्ड 17 और 39 में भी ‘बाहरी’ का विरोध
विरोध का यह सिलसिला केवल वार्ड 26 तक सीमित नहीं है। वार्ड संख्या 17 की गरीब नवाज कॉलोनी में स्थानीय निवासियों ने पोस्टर-बैनर लगाए हैं, जिन पर लिखा- ‘एक ही पुकार, स्थानीय प्रत्याशी ही हमारा है, बाहरी प्रत्याशी वापस जाओ।’ यहां कांग्रेस प्रत्याशी को बाहरी बताकर विरोध किया जा रहा है। इसी तरह वार्ड संख्या 39 में भी स्थानीय लोग बाहरी उम्मीदवार का खुलकर विरोध कर रहे हैं।