कोटपूतली-बहरोड़ में कृषि पर्यवेक्षक संगठन ने अपनी लंबित डीपीसी और 11 सूत्री मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम दिया गया। कृषि पर्यवेक्षक समन्वय समिति राजस्थान की अपील पर यह ज्ञापन सौंपा गया। डीपीसी और नए पद बनाने की मांग संगठन की प्रमुख मांगों में वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षकों को सहायक कृषि अधिकारी पद पर जल्द पदोन्नति (डीपीसी) करवाना शामिल है। इसके साथ ही वर्ष 2025-26 और 2026-27 की डीपीसी भी आयोजित करने की मांग की गई है। उद्यान विभाग में वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षकों के नए पद बनाना और विभाग से जुड़ी 11 अन्य मांगों का समाधान करना भी इसमें शामिल है। 8 सितंबर से ऑनलाइन कामकाज बहिष्कार की चेतावनी शाखा अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कृषि समन्वय समिति की ओर से चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। आंदोलन के अगले चरण में 8 सितंबर से विभागीय ऑनलाइन कामों का बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान जिला अध्यक्ष बाबूलाल गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष मोहित तंवर और शाखा अध्यक्ष सुभाष गुर्जर मौजूद रहे।
