हनुमानगढ़ के भादरा क्षेत्र के डाबड़ी गांव निवासी सीआरपीएफ जवान इंद्र सिंह का ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। बुधवार को जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव डाबड़ी लाया गया। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। इंद्र सिंह साल 2006 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। वे फिलहाल झारखंड में सीआरपीएफ की 193वीं बटालियन में तैनात थे। जानकारी के मुताबिक इंद्र सिंह हाल ही में छुट्टी पर अपने गांव आए थे। छुट्टी खत्म होने के बाद वे वापस झारखंड ड्यूटी पर लौट गए थे। ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया। इंद्र सिंह के निधन की खबर मिलते ही डाबड़ी गांव में शोक छा गया। पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए जमा हो गए। अंतिम संस्कार के दौरान जवान को राजकीय सम्मान के साथ सलामी दी गई। भारत माता के जयकारों और ‘शहीद इंद्र सिंह अमर रहें’ के नारों के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इंद्र सिंह के परिवार में उनकी माता रुकमा देवी, पिता महावीर सिंह और पत्नी कांता देवी हैं। उनकी बेटी दीपिका बीए की पढ़ाई कर रही है। इंद्र सिंह के निधन से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि इंद्र सिंह ने लंबे समय तक देश की सेवा की। उनका जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा।