सत्संग में आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने मालाणी एक्सप्रेस का सरसावा रेलवे स्टेशन पर तीन ट्रिप के लिए अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह ठहराव 31 अगस्त से 2 सितंबर तक रहेगा। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार, ट्रेन संख्या 14662 जम्मूतवी-बाड़मेर मालाणी शालीमार एक्सप्रेस जो 30 अगस्त से 1 सितंबर तक जम्मूतवी से रवाना होगी, सरसावा स्टेशन पर सुबह 6.40 बजे पहुंचेगी और 6.41 बजे रवाना होगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 14661 बाड़मेर-जम्मूतवी मालाणी शालीमार एक्सप्रेस 31 अगस्त से 2 सितंबर तक बाड़मेर से रवाना होगी। यह ट्रेन सरसावा स्टेशन पर रात 9.33 बजे पहुंचेगी और 9.34 बजे रवाना होगी। रेलवे के इस अस्थायी ठहराव से सत्संग में शामिल होने वाले यात्रियों को सरसावा स्टेशन से आवागमन में सुविधा मिलेगी। भोपाल एक्सप्रेस के खाली कोच में मिला साढ़े सात किलो डोडा पोस्त भगत की कोठी रेलवे स्टेशन की वाशिंग लाइन में खड़े जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस के खाली रैक से रेलवे सुरक्षा बल ने 7.606 किलो डोडा पोस्त बरामद किया। मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1 लाख 14 हजार रुपए आंकी गई है। यह डोडा पोस्त जनरल कोच में मिले एक लावारिस बैग में रखा था। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया कि ट्रेन संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस मेंटेनेंस के लिए भगत की कोठी की वाशिंग लाइन संख्या 9 पर खड़ी थी। जांच के दौरान कोच संख्या 263541/सी में एक लावारिस बैग मिला। बैग खोलकर जांच करने पर प्लास्टिक के पैकेट में डोडा पोस्त मिला। कार्रवाई प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा,मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी और सहायक सुरक्षा आयुक्त मुकेश कुमार के निर्देशन और निरीक्षक मदनलाल भाटी के सुपरविजन में की गई। उप निरीक्षक सागरमल ने बरामद डोडा पोस्त और तहरीर को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया।
