उदयपुर शहर के भाजपा विधायक ताराचंद जैन की ‘मिनी पाकिस्तान’ संबंधी टिप्पणी को लेकर खांजीपीरवासियों में नाराजगी देखने को मिली। शुक्रवार को लोगों ने विरोध जताते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इलाके के कई जवान भारतीय सेना का हिस्सा रहे हैं या सेवा दे चुके हैं, ऐसे में पूरे क्षेत्र को लेकर की गई टिप्पणी उचित नहीं है। उन्होंने मामले में कार्रवाई और टिप्पणी को लेकर विरोध दर्ज कराया। भाजपा विधायक ताराचंद जैन की ओर से पिछले दिनों उदयपुर के खांजीपीर इलाके को लेकर की गई ‘मिनी पाकिस्तान’ टिप्पणी के विरोध में क्षेत्रवासी सड़क पर उतर गए। उदयपुर का अभिन्न हिस्सा है खांजीपीर खांजीपीर सदर अब्दुल कलीम खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि खांजीपीर उदयपुर का अभिन्न हिस्सा है और यहां के लोग वर्षों से भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ रहते आए हैं। ऐसे में पूरे क्षेत्र को इस तरह की संज्ञा देना क्षेत्रवासियों की भावनाओं और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। अब्दुल कलीम खान ने कहा कि खांजीपीर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आता है, जबकि ताराचंद जैन उदयपुर शहर से विधायक हैं। ऐसे में अपने विधानसभा क्षेत्र से बाहर स्थित क्षेत्र को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से समाज में भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है। द्वितीय विश्व युद्ध में भी खांजीपीर के वीरों का योगदान क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 1939 से 1945 के द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान महाराणा भूपाल सिंह की सज्जन इन्फैंट्री में शामिल होकर खांजीपीर क्षेत्र के कई वीरों ने युद्ध में हिस्सा लिया था। इनमें सूबेदार छोटे खान, गुलशेर खान, हमीद खान, आशिक अली, माशूक अली, दिलदार खान, सुल्तान खान, अलीमुद्दीन खान, वजीर खान, अब्दुल रहमान, कप्तान छोटे खान द्वितीय, एहसान खान और फकीर अली आदि शामिल है। समाज के वक्ताओं ने कहा कि 1962, 1965 और 1971 के युद्धों में भी खांजीपीर क्षेत्र के कई जवान भारतीय सेना का हिस्सा रहे और देश की रक्षा में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र के लोगों ने देश के लिए युद्धों में हिस्सा लिया, उसे मिनी पाकिस्तान कहना दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्यपाल से जांच और कार्रवाई की मांग क्षेत्रवासियों ने मामले को लेकर राजस्थान के राज्यपाल के नाम ज्ञापन भेजा। इसमें पूरे प्रकरण का संज्ञान लेने, टिप्पणी की निष्पक्ष जांच करवाने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान पूर्व पार्षद राशिद खान, फिरोज अहमद शेख, अब्दुल सलाम खान, इशाहक खान, मुस्तफा शेख, कादिर खान, फारूक कुरैशी, मोहम्मद सलीम शेख सहित क्षेत्र के कई नागरिक मौजूद रहे। ————————- यह न्यूज भी पढ़े… उदयपुर विधायक ने खांजीपीर-आयड़ को बताया ‘मिनी पाकिस्तान’:कहा- यह इलाका अपराधियों की शरणस्थली, पिछले 10 साल में 25 प्रतिशत अपराध उदयपुर में ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में शहर विधायक ताराचंद जैन ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने शहर के खांजीपीर और आयड़ इलाके का जिक्र करते हुए उन्हें ‘मिनी पाकिस्तान’ बता दिया। विधायक ने दावा किया कि ये इलाके पहले अपराधियों की शरणस्थली बन गए थे, लेकिन अब वहां हालात में सुधार हुआ है। (पूरी खबर पढ़े..)
