राजस्थान में निकाय चुनाव में पार्षद का टिकट मांगने वालों में कई बड़े चेहरे भी सामने आ रहे हैं। बारां के अटरू में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटे और भाई ने एक ही वार्ड से पार्षद का टिकट मांगा। जयपुर में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, दो पूर्व जिला अध्यक्ष और वर्तमान में जिला महामंत्री टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। भरतपुर के बयाना नगरपालिका के निवर्तमान चेयरमैन विनोद अग्रवाल बट्टा और उनकी पत्नी उषा अग्रवाल ने कांग्रेस छोड़ दी। वे भाजपा में शामिल हो रहे हैं। बीकानेर- पाली नगर निगम में वोटिंग की तारीख बदली गई है। टिकट मांगने ढोल बजाकर पहुंची महिला… सीकर में कांग्रेस की बैठक में विधायक के जाते ही कुर्सियां खाली… बारां के अटरू में चाचा-भतीजे ने एक ही वार्ड से टिकट मांगा… बारां की अटरू नगर पालिका से शिक्षा मंत्री मदन दिलावर बेटे पवन दिलावर और भाई कृष्णमुरारी दिलावर ने एक ही वार्ड से टिकट मांगा है। दोनों ने वार्ड नंबर-5 से चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया है। दोनों के एक ही वार्ड से दावेदारी करने को लेकर पूरे जिले में चर्चा बनी हुई है। अब जानिए- किन लोगों ने छोड़ी पार्टी… भरतपुर में निवर्तमान चेयरमैन भाजपा में शामिल हो रहे: भरतपुर के बयाना नगरपालिका के चेयरमैन विनोद अग्रवाल बट्टा अपनी पत्नी उषा अग्रवाल के साथ बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। विनोद अग्रवाल ने 2020 में कांग्रेस से चुनाव लड़ा था और चेयरमैन बने थे। वहीं, उषा अग्रवाल भी 2005-2010 तक पालिका की चेयरमैन रह चुकी हैं। चेयरमैन के साथ ही 9 निवर्तमान पार्षद और 4 पूर्व पार्षदों भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं। अजमेर में दो दिन में तीन पूर्व पालिकाध्यक्षों ने पार्टी बदली:अजमेर के केकड़ी में दो दिन में तीन पूर्व पालिकाध्यक्षों ने पार्टियां बदली। बुधवार को केकड़ी के कांग्रेस के निवर्तमान पालिकाध्यक्ष कमलेश साहू और सरवाड़ पालिका के पूर्व अध्यक्ष शंकर सिंह राठौड़ ने भाजपा की सदस्यता ली। वहीं, एक दिन पहले केकड़ी के पूर्व पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। विधानसभा अध्यक्ष पर आचार संहिता के उल्लघंन का आरोप… अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। शहर अध्यक्ष राजकुमार जयपाल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया- विधानसभा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक वासुदेव देवनानी संवैधानिक पद पर होते हुए भी भाजपा के प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। विधानसभा अध्यक्ष भाजपा का दुपट्टा डालकर गली-गली घूमकर प्रचार कर पद की मर्यादा और आचार संहिता का उल्लघंन कर रहे हैं।
निकाय चुनाव को लेकर बड़े अपडेट्स… बीकानेर-पाली में वोटिंग की तारीख बदली: बीकानेर नगर निगम में 11 सितंबर की बजाए 9 सितंबर को वोटिंग होगी। साथ जिले की 6 नगर पालिकाओं में 11 की बजाए 9 सितंबर को मतदान होगा। पाली नगर निगम में 9 सितंबर के बजाए अब 11 सितंबर को वोटिंग होगी। जैन समाज के पर्युषण महापर्व के चलते वोटिंग डेट में बदलाव किया गया है। जयपुर शहर के टिकटों को लेकर क्या बोले संभाग प्रभारी: निकाय चुनावों को लेकर जयपुर शहर भाजपा ने तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर लिया है। यह पैनल अब प्रदेश भाजपा में स्क्रीनिंग कमेटी के सामने रखा जाएगा। स्क्रीनिंग कमेटी की मुहर के बाद टिकटों का ऐलान होगा। वहीं कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए नेता भी खुद और अपने परिवार के सदस्यों के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। जयपुर संभाग प्रभारी प्रभुलाल सैनी ने कहा कि हम तो केवल यह देख रहे हैं कि जिस दिन आवेदन हो रहा है, आवेदन करने वाला बीजेपी का सदस्य है या नहीं। ऐसे लोगों को भी आवेदन करने करने का अधिकार है। जरूरी होने पर ऐसे लोगों के नाम पर भी पार्टी विचार कर सकती है। पूर्व जिलाध्यक्षों ने भी मांगा पार्षद का टिकट: जयपुर नगर निगम के पार्षद के लिए कई वरिष्ठ नेताओं ने भी आवेदन किया है। इनमें जयपुर शहर बीजेपी के अध्यक्ष रहे संजय जैन, शैलेन्द्र भार्गव और सुनील कोठारी शामिल हैं। इनमें सुनील कोठारी तो प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही शहर बीजेपी में जिला महामंत्री राजेश ताम्बी ने भी टिकट मांगा है। वहीं शहर बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं रघुनाथ नरेड़ी, विमल अग्रवाल, मनीष पारीक, अरूण खटोड, केदार शर्मा, जितेन्द्र श्रीमाली और अनुराग खेतान ने भी दावेदारी जताई है। …… पल-पल का अपडेट जानने के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
