शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के गृह क्षेत्र बारां की अटरू नगर पालिका में पहली बार होने जा रहे चुनाव में टिकट वितरण से पहले सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। शिक्षा मंत्री के बेटे पवन दिलावर और भाई कृष्णमुरारी दिलावर ने एक ही वार्ड से टिकट मांगा है। दोनों ने वार्ड नंबर-5 से उम्मीदवारी जताते हुए टिकट के लिए आवेदन किया है, जिसकी हर तरफ चर्चा है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी परिवार के दोनों सदस्यों में से किसी एक को चुनेगी या फिर सियासी समीकरण साधने के लिए कोई नया रास्ता निकाला जाएगा। उधर, दिलावर के बेटे ने कहा- मैंने टिकट के लिए न आवेदन किया, न मुझे चुनाव लड़ना है। हालांकि बीजेपी के अटरू मंडल अध्यक्ष का कहना है कि दोनों ने वार्ड नंबर 5 से टिकट के लिए आवेदन किया है। दरअसल, अटरू नगर पालिका के गठन के बाद यह पहला मौका है, जब यहां चुनाव हो रहे हैं। पालिका अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए आरक्षित है। अध्यक्ष पद की कुर्सी पाने के लिए दिग्गजों ने अभी से अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। टिकटों को लेकर जबरदस्त खींचतान अटरू नगरपालिका के कुल 25 वार्ड पार्षदों के लिए राजनीतिक दलों में टिकट पाने की होड़ मची हुई है। भाजपा को 25 वार्डों के लिए 110 आवेदन मिले हैं। कांग्रेस में इन्हीं वार्डों के लिए 248 आवेदन आए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कई प्रभावशाली लोगों ने ‘जिताऊ वार्ड’ से टिकट पाने के लिए जोर लगाना शुरू कर दिया है। इसके कारण पार्टी के स्थानीय नेतृत्व के लिए भी चयन करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। मंत्री के बेटे बोले- मैंने टिकट के लिए कोई आवेदन नहीं किया मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर ने कहा- मैंने टिकट के लिए कोई आवेदन नहीं किया। अटरू के युवा मोर्चा कार्यकर्ता जरूर डिमांड कर रहे हैं कि मुझे चुनाव लड़ाया जाए। मैं तो 1 महीने से बारां ही नहीं गया, अटरू तो दूर की बात है। उन्होंने कहा- मेरे पास पर्यवेक्षक का भी फोन आया था। उन्होंने पूछा कि आप चुनाव लड़ना चाहते हैं तो मैंने साफ तौर पर मना कर दिया। मैंने न आवेदन किया, न मुझे चुनाव लड़ना है। कार्यकर्ता को थप्पड़ मारकर विवादों में रह चुके पवन दिलावर भाजपा कार्यकर्ता को थप्पड़ मारकर विवादों में रह चुके हैं। सितंबर 2023 में कोटा के रामगंजमंडी में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ के दौरान पवन दिलावर पर मंच पर भाजपा कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का आरोप लगा था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। जनता ने 3 बार सरपंच चुनकर सेवा का दिया मौका अपनी दावेदारी पर बात करते हुए कृष्णमुरारी दिलावर ने आत्मविश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि जनता ने मुझे पहले भी लगातार 3 बार सरपंच चुनकर अपनी सेवा का मौका दिया है। अगर पार्टी मुझ पर भरोसा जताती है, तो मैं चुनाव जीतकर अटरू में भाजपा का बोर्ड बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। अटरू मंडल अध्यक्ष बोले- दोनों ने वार्ड-5 से टिकट के लिए आवेदन किया बीजेपी के अटरू मंडल अध्यक्ष पवन गंदोलिया ने बताया- शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के छोटे भाई कृष्णमुरारी दिलावर और मंत्री के बेटे पवन दिलावर ने अटरू नगर पालिका के वार्ड नंबर 5 से पार्षद पद के लिए भाजपा से टिकट के लिए आवेदन किया है। इन गांवों को मिलाकर अटरू को बनाया नगर पालिका बता दें कि अटरू पहले ग्राम पंचायत थी। इसमें राजस्व ग्राम अटरू, लक्ष्मीपुरा, ग्राम पंचायत खेड़लीगंज, ग्राम पंचायत रतनपुरा का राजस्व गांव रतनपुरा, गोविंदपुरा, चैनपुरिया, ग्राम पंचायत बरलां का राजस्व गांव खेड़ली बांसला और ग्राम पंचायत मेरमाचाह का गांव बेड़क्या को शामिल करते हुए अटरू को नगर पालिका बनाया गया है। पंचायत समिति के पिछले पंचायत चुनावों में अटरू के 15 वार्डों में कांग्रेस को 9, बीजेपी को 5 और 1 निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली थी। यहां हमेशा बीजेपी और कांग्रेस के बीच ही मुकाबला रहा है। ——– ये खबर भी पढ़िए… भरतपुर में कांग्रेस को झटका, चेयरमैन ने छोड़ी पार्टी:जयपुर में भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ने मांगा पार्षद का टिकट, दो पूर्व जिलाध्यक्षों ने भी दावेदारी जताई राजस्थान में निकाय चुनाव में पार्षद का टिकट मांगने वालों में कई बड़े चेहरे भी सामने आ रहे हैं। जयपुर में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, दो पूर्व जिला अध्यक्ष और वर्तमान में जिला महामंत्री टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। (पूरी खबर पढ़ें)
