अमृतसर-तरनतारन राष्ट्रीय राजमार्ग-54 पर मंगलवार को जंडियाला गुरु के पास हुए सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये सभी डीपीएस मानावाला 11वीं कक्षा में पढ़ते थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में डीपीएस मानावाला के चार छात्र कहीं जा रहे थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी ड्रेन में जा गिरी। हादसे में अंगदप्रीत सिंह नामक छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी एसपी देहात रमणदीप सिंह ने बताया कि हादसा जंडियाला पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ है। उन्होंने पुष्टि की कि कार में प्लस-वन के छात्र सवार थे, जिनमें एक की मौत हुई और तीन घायल हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार के डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस वाहन की स्थिति, घटनास्थल और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारण स्पष्ट होंगे।