तरनतारन में ‘मुख्यमंत्री मावन ध्यान सत्कार योजना’ के तहत 26 अगस्त को दाना मंडी, गोइंदवाल साहिब में समारोह आयोजित किया जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डिप्टी कमिश्नर राहुल ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और आपसी समन्वय की समीक्षा की। डीसी ने सभी अधिकारियों को आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंच, शामियाने, सजावट, ध्वनि व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, जलपान, बिजली आपूर्ति, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। DC ने अधिकारियों को कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न करवाने के निर्देश दिए डीसी राहुल ने अधिकारियों से आपसी तालमेल के साथ काम करने और कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी की जाएं। बैठक में एडीसी डॉ. आदित्य शर्मा, एडीसी विकास संजीव कुमार, एसडीएम, पुलिस अधिकारी, सिविल सर्जन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।