कपूरथला में रक्षाबंधन त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई की दुकानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नडाला, बेगोवाल और भोलथ क्षेत्र की विभिन्न दुकानों से बर्फी, धोड़ा बर्फी, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, पतीसा, पेठा और लड्डू समेत 8 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए स्टेट फूड लैबोरेटरी भेजे जा रहे हैं। यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन पंजाब की कमिश्नर कमलप्रीत बराड़ और डिप्टी कमिश्नर आकाश बंसल के निर्देशों पर की गई। अभियान का नेतृत्व असिस्टेंट कमिश्नर (फूड) डॉ. हरजोत पाल सिंह ने सिविल सर्जन डॉ. राजीव पराशर की देखरेख में किया। टीम में फूड सेफ्टी ऑफिसर रमन विरदी भी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि लैब रिपोर्ट में यदि किसी सैंपल में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। DC ने अच्छी गुणवत्ता वाला कच्चा माल इस्तेमाल करने का निर्देश दिए डीसी आकाश बंसल ने खाद्य कारोबारियों को अच्छी गुणवत्ता वाला कच्चा माल इस्तेमाल करने, दुकानों और रसोई में साफ-सफाई रखने तथा तैयार खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश दिए। दुकानदारों को कच्चा माल पक्के बिल पर खरीदने और प्रतिबंधित या बिना अनुमति वाले कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई। कारोबारियों को वार्षिक टर्नओवर के अनुसार फूड लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना जरूरी लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन खाद्य कारोबार करना कानूनी अपराध है।रक्षाबंधन को देखते हुए बाहर से कपूरथला आने वाली मिठाइयों पर भी निगरानी रखी जाएगी। बस, ट्रेन, ट्रांसपोर्ट और निजी वाहनों से आने वाले खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी। असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. हरजोत पाल सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थ सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थ मिलने पर जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम नंबर 01822-233777 पर शिकायत करने की अपील की।