लुधियाना के हंबड़ा रोड पर मलकपुर के पास आज तड़के एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ रात करीब 1 बजे दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने से इतनी भयंकर टक्कर हुई कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कुल तीन लोगों की जान जा चुकी है और एक 19 वर्षीय युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। थाना पीएयू के एसएचओ अमृतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को रात करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि मलकपुर के पास दो बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई थी। राहगीरों और पुलिस की मदद से दो गंभीर घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान एक और युवक की मौत हो गई। मृतकों और घायल की पहचान पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुए युवक उत्तर प्रदेश और स्थानीय इलाकों के रहने वाले थे। एचएफ डीलक्स बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सुरेश कुमार उर्फ राजू (42 वर्ष) मूल निवासी गांव बरावा (जिला लखनऊ, यूपी)। वर्तमान में गली नंबर 8, अन्नपूर्णा का मकान, प्रताप सिंह वाला, लुधियाना में किराये पर रह रहे थे। सोनू बंसल (36 वर्ष) मूल निवासी गांव बांदीकलां (जिला छतरपुर, एमपी)। वर्तमान में गली नंबर 7, मकान नंबर 407, प्रताप सिंह वाला, लुधियाना में रह रहे थे। वहीं स्प्लेंडर बाइक सवार करन (21 वर्ष) निवासी गली नंबर 3, मकान नंबर 1003, दशमेश नगर, अयाली खुर्द, लुधियाना की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि सन्नी (19 वर्ष) निवासी शिव मंदिर के पास, दशमेश नगर, अयाली खुर्द, लुधियाना की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों के बयानों पर होगी अगली कार्रवाई एसएचओ अमृतपाल सिंह ने बताया कि सभी मृतकों और घायल युवक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी (शवगृह) में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को वारिसों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।