फाजिल्का के जलालाबाद के श्री मुक्तसर साहिब नेशनल हाईवे पर स्थित गांव फलियावाला में बीच सड़क पर मारपीट और पिस्तौल लहराने का एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक-दूसरे के साथ बुरी तरह मारपीट करते और एक युवक खुलेआम पिस्तौल दिखाकर दहशत फैलाता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई जलालाबाद सिटी थाना पुलिस ने जब इसकी गहनता से जांच की, तो एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रही पिस्तौल असली नहीं बल्कि नकली (टॉय गन) है।
सोशल मीडिया पर ‘दहशत’ बनाने के लिए रची साजिश थाना सिटी जलालाबाद के एसएचओ मोहित धवन ने बताया कि नेशनल हाईवे पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर हिंसक झगड़ा हुआ था। इनमें से एक पक्ष के दो युवक गांव फलियावाला के ही रहने वाले हैं, जबकि दूसरा पक्ष बाहर से आया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि फलियावाला के एक युवक ने जानबूझकर दूसरे पक्ष को डराने और इलाके में अपना खौफ कायम करने के लिए नकली पिस्तौल का इस्तेमाल किया। आरोपियों ने इस पूरी मारपीट और नकली पिस्तौल लहराने का वीडियो भी बनवाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, ताकि इंटरनेट पर उनकी दहशत बन सके।

बहादुर ग्रामीणों ने छीन ली थी ‘पिस्तौल’ झगड़े और मारपीट के दौरान वहां मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय दिया। जब युवक पिस्तौल लहराकर मारपीट कर रहा था, तो ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसके हाथ से वह पिस्तौल छीन ली। बाद में जब जांच की गई तो पता चला कि वह महज एक खिलौना (नकली पिस्तौल) थी, जिसे ग्रामीणों ने बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी: एसएचओ मोहित धवन ने बताया कि पुलिस ने वीडियो को पूरी तरह वेरीफाई कर लिया है और आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी (रेड) कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही इस हिंसक झगड़े के पीछे की असली वजह और विवाद का कारण साफ हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।