पानी से भरी बाल्टी में डूबने से 3 साल की बच्ची की मौत हो गई। मासूम खेलते-खेलते बाथरूम में पहुंच गई और वहां रखी पानी से भरी बाल्टी में जा गिरी। उसका सिर पानी में डूब गया और पैर ऊपर की तरफ हो गए। कुछ देर बाद परिजन उसे तलाशते हुए बाथरूम में गए तो बाल्टी में बच्ची के पैर नजर आए। परिजनों ने बच्ची को बाहर निकाला और पास के हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला बांसवाड़ा के खमेरा थाना क्षेत्र के टोडी सिमरोन गांव का है। बाथरूम में पानी से भरी थी बाल्टी​
परिजन हरिशंकर ने बताया- ललिता (3) पुत्री नारायण सोमवार की शाम करीब 5 बजे घर में खेल रही थी। खेलते-खेलते वह बाथरूम में चली गई और वहां रखी पानी से भरी बाल्टी में जा गिरी। उसका सिर पानी में डूब गया और पैर ऊपर की ओर हो गए। बच्ची का मुंह पानी में होने के कारण उसकी आवाज बाहर नहीं आई। कुछ देर बाद मां उसे तलाशते हुए बाथरूम में पहुंची और बाल्टी से बाहर निकाला। इसके बाद तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर बच्ची को नरवाली के हॉस्पिटल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक इलाज किया गया। बच्ची की हालत गंभीर होने पर शाम करीब 6:30 बजे महात्मा गांधी जिला अस्पताल लाया गया, यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत के कारण दिवाली की खुशियां मातम में बदल गई।