राजस्थान में दिवाली पर जमकर आतिशबाजी हुई। जयपुर में शाम 7 बजे से ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया, जो देर रात तक चलता रहा। इस दौरान आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाने लगा। बाजारों में अलग-अलग थीम पर लाइटिंग की गई थी। रात होते ही रोशनी देखने के लिए शहर उमड़ पड़ा। नाहरगढ़ से जयपुर शहर का नजारा बहुत ही सुंदर लग रहा था। शहर के जौहरी बाजार समेत अन्य बाजारों में रोशनी देखने के लिए भीड़ लगी हुई थी। शहर की रोशनी को लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। जैसलमेर के मोहनगढ़ कस्बे में स्थित पन्नोधाराय मंदिर को 31 हजारा दीपों से सजाया गया था। अलवर के बिजली घर चौराहे पर भगवान शिव की घूमती हुई मूर्ति आकर्षण का केंद्र रही। चित्तौड़गढ़ में भगवान शंकर को लक्ष्मी जी के रूप में सजाया गया था। इसके लिए कोल्हापुर से साड़ी मंगवाई गई थी। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बीएसएफ जवानों के साथ दीपावली मनाई। जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसेफ ने दीपावली पर ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों को मिठाई बांटी। जोधपुर में देर रात पटाखों की दुकान समेत 3 अलग-अलग जगहों पर आग लग गई। गनीमत रही कि इन घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई। इससे पहले शाम को महिलाओं ने घरों और मंदिरों में दीये जलाए। लोगों ने अपने घर, दुकान और ऑफिस में परिवार व दोस्तों के साथ विधि-विधान से लक्ष्मी पूजन किया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दी। कोटा में अपने घर नहीं जा पाए स्टूडेंट ने कोचिंग संस्थान में दिवाली मनाई। जयपुर के गोविंददेव मंदिर में ठाकुर जी को खास पोशाक पहनाई गई। विशेष श्रृंगार कराया गया। देखिए, राजस्थान में दिवाली रौनक… ये खबर भी पढ़ें… झिलमिल रोशनी में नहाया अजमेर शहर:पटाखों की गूंज, दीपों की चमक और लोगों के चेहरों पर मुस्कान, लक्ष्मी-गणेश की हुई पूजा लेकसिटी में अयोध्या, ग्वाल-बाल, ऑपरेशन सिंदूर की झांकी:दीपावली की सजावट देखने उमड़ा शहर, रोशनी से नहाया उदयपुर