जयपुर में CNG पंपों पर वाहन ड्राइवरों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। शहर में CNG के कम स्टेशन होने के कारण सुबह से ही ऑटो, टैक्सी और निजी वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। हालात ऐसे रहते हैं कि ड्राइवरों को डेढ़ से दो घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। ऑटो ड्राइवरों को सवारी लेकर ही लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है। इससे यात्रियों का समय भी खराब हो रहा है। ड्राइवरों ने कहा- सीएनजी के इंतजार में हमें काफी नुकसान हो रहा है। सहकार मार्ग पर इंडियन ऑयल पंप पर सुबह से वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। पेट्रोल पंप मैनेजर ने कहा- पंप पर सीएनजी के जितने ट्रक आते हैं, उसी हिसाब से सप्लाई हो पा रही है। पंप मैनेजर ने कहा- सीएनजी की दो गाड़ी एक सुबह और एक रात को आती है। ऐसे में दिन में पीक आवर्स में सीएनजी की मांग बढ़ जाती है। इससे पंप के बाहर लाइन लग जाती है। वहीं टोरेंट गैस कंपनी ने कहा- पंपों पर सुबह-रात को गैस की सप्लाई होती है। पाइपलाइन के बाद ऐसी परेशानी नहीं आएगी। टैक्सी ड्राइवर काट रहे चक्कर प्राइवेट टैक्सी ड्राइवर मुकेश कुमार सैनी ने कहा- मैं दो घंटे से सीएनजी के लिए चक्कर काट रहा हूं। दिल्ली रोड और कूकस में दो सीएनजी पंप पर गया, लेकिन मुझे कहीं भी सीएनजी नहीं मिल पाई। सहकार मार्ग पर मैं करीब आधे घंटे से लाइन में लगा हुआ हूं। ऐसे में मेरा काम ठप्प पड़ा है। वहीं ऑटो ड्राइवर दिनेश ने कहा- मेरे साथ सवारी है। लाइन में लगने से सवारी को भी इंतजार करना पड़ता है। दिनेश ने कहा- ज्यादा इंतजार करने पर सवारी को किराए के पैसे देकर बीच में उतारना पड़ता है। 2 घंटे तक लाइन में लग रहे ऑटो ड्राइवर ऑटो ड्राइवर मुकेश ने बताया- मैं 2 घंटे से लाइन में लगा हुआ हूं। मुझे नहीं पता, कब तक सीएनजी आएगी। उनका कहना है कि सभी पंपों का यही हाल है। काम रुका हुआ है। सवारी भी परेशान है और कोई ऑप्शन नहीं है। उनका कहना है कि मैं सुबह 10 बजे आया, नहीं मिली तो वापस चला गया। थोड़ी देर बाद आया तो लाइन में लगकर दो घंटे से इंतजार करना पड़ रहा है। टोरंट कंपनी ने कहा- ट्रैफिक अधिकारियों से बात करके दूर करेंगे परेशानी सीएनजी की सप्लाई करने वाली टोरेंट गैस कंपनी से भास्कर ने बात की। कंपनी ने कहा- सीएनजी की सप्लाई के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से दिनभर ट्रक से सप्लाई की परमिशन नहीं है। नियमों की वजह से हम सीमित समय और सीमित मात्रा में सप्लाई कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि टोरेंट द्वारा पूरे जयपुर में सीएनजी की सप्लाई के लिए पाइपलाइन का काम हो रहा है। इसके बाद ऐसी समस्या नहीं आएगी। कंपनी ने कहा- हम ट्रैफिक अधिकारियों से बातचीत करके समाधान ढूंढ रहे हैं, ताकि सप्लाई में कोई रुकावट नहीं आए।
