जयपुर में स्कूल के टीसी काटने से नाराज 12वीं क्लास का स्टूडेंट अजमेरी गेट के ऊपर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे से समझाइश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने उसे बातों में उलझाकर नीचे उतारा। मामला जालूपुरा थाना इलाके का बुधवार सुबह का है। स्टूडेंट मिर्च स्प्रे भी साथ लेकर गया था। जानकारी के अनुसार- चित्रकूट इलाके का रहने वाला स्टूडेंट आज सुबह 9:30 बजे अजमेरी गेट पर चढ़ा तो आसपास के लोग हैरान रह गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो स्टूडेंट कूदने की धमकी देने लगा। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए स्टूडेंट को बातों में उलझाया। थानाधिकारी बृजेश सिंह ने स्टूडेंट से बात की तो उसने अपना मोबाइल नीचे फेंक दिया। मोबाइल से उसकी मां को फोन करके मौके पर बुलाया गया। मां ने भी बेटे को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस ने सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया। टीम ने एहतियात के तौर पर नीचे जाल बिछाया। बच्चे का मुंह MI रोड की तरफ था। इस दौरान कॉन्स्टेबल अविनाश गेट के दूसरी तरफ गए और पीछे की ओर से ऊपर चढ़े। इसके बाद उन्होंने करीब 10:15 बजे स्टूडेंट को सुरक्षित नीचे उतार लिया। प्रारंभिक पूछताछ में बच्चे ने स्कूल से परेशान होकर गेट पर चढ़ने की बात बताई है। स्कूल से टीसी कटने के बाद से नाराज था एसीपी कोतवाली ओमप्रकाश ने बताया- स्टूडेंट पहले चित्रकूट स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ता था। वह स्कूल में गोरक्षा से जुड़ी बातों का प्रचार करता था, जिसके बाद उसकी टीसी काट दी गई थी। उसने दूसरे स्कूल में एडमिशन ले लिया था। नाबालिग स्टूडेंट ने पूछताछ में बताया कि पहले स्कूल का यह तरीका गलत था। गुस्से में आकर वह अजमेरी गेट पर चढ़ गया। बच्चे को समझाइश के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
