धौलपुर के सरमथुरा कस्बे में रविवार को बारिश के पानी से भरी एक पोखर में डूबने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई। यह घटना झिरी रोड स्थित आश्रम के पास हुई। जानकारी के अनुसार, सरोना गांव निवासी सत्यम ठाकुर (12) अपने रिश्तेदार के यहां सरमथुरा आया हुआ था। रविवार को वह लगभग 5-6 अन्य बच्चों के साथ झिरी रोड स्थित आश्रम के पास बनी पोखर में नहाने गया था। नहाते समय सत्यम गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बच्चों का शोर सुनकर दौड़े लोग, पोखर से निकाला
सत्यम को डूबता देख साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तुरंत बालक को पोखर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर सरमथुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
बारिश के बाद पोखरों और जलभराव वाले स्थानों में पानी बढ़ने के कारण स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।