शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने इस बार स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम जिला या उपखंड मुख्यालय पर मनाने के बजाय भारत-पाकिस्तान सीमा से महज 15 किलोमीटर दूर थानाणी गांव के सरकारी स्कूल में मनाया। पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं जिस स्कूल में एक झोपड़ी में चल रही हैं, वहीं भाटी ने ध्वजारोहण कर बच्चों के साथ आजादी का पर्व मनाया। भाटी ने कहा- एक तरफ राजस्थान को राइजिंग और भारत को विकसित बनाने की बात हो रही है, वहीं दूसरी ओर सीमा से सटे ऐसे गांव भी हैं, जहां आजादी के 80 साल बाद भी सरकारी स्कूल का पक्का भवन नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी हकीकत को सरकार और जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाने के लिए उन्होंने गांव के स्कूल में स्वतंत्रता दिवस मनाने का फैसला किया। एक झोपड़ी में पांचवीं तक की पढ़ाई
बाड़मेर जिले के गडरारोड ब्लॉक की राजकीय प्राथमिक विद्यालय थानाणी, ग्राम पंचायत द्राभा, वर्ष 2022 में शुरू हुई थी। स्कूल शुरू होने के बाद से अब तक यह एक झोपड़ी में संचालित हो रहा है। यहां करीब 20 से 25 बच्चे पढ़ते हैं और पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं इसी एक जगह पर चलती हैं। स्कूल में फिलहाल एक टीचर कार्यरत है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूल पहुंचे भाटी ने बच्चों से बातचीत की। बच्चों ने भारत माता के जयकारे लगाए। इसके बाद उन्होंने स्कूल भवन की स्थिति और बच्चों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। सरकारों से पूछा- क्या इन बच्चों का कोई गुनाह है?
भाटी ने कहा कि आजादी के 80 साल बाद भी सत्ता में पक्ष और विपक्ष दोनों की सरकारें आती-जाती रहीं, लेकिन सीमा के गांवों में रहने वाले बच्चों को पक्के स्कूल भवन जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिल पाई। उन्होंने सरकारों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब देश चांद पर पहुंचने और विश्व गुरु बनने की बात कर रहा है, तब इन बच्चों को बेहतर शिक्षा और स्कूल भवन तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि जयपुर और दिल्ली में बैठे जिम्मेदार लोग क्या अपने बच्चों को ऐसे स्कूल में पढ़ाने भेजेंगे? अगर नहीं, तो इन गांवों के बच्चों ने क्या गुनाह किया है? भाटी ने कहा कि सीमा को मजबूत करने की बात होती है, लेकिन सीमा पर रहने वाली नई पीढ़ी को बेहतर शिक्षा नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि अगर बच्चों को मजबूत और शिक्षित नहीं किया गया तो राजस्थान को राइजिंग और भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य पूरा करना मुश्किल होगा। दो स्कूलों के लिए 12 लाख की अनुशंसा
भाटी ने भवन विहीन राजकीय प्राथमिक विद्यालय थानाणी और राजकीय प्राथमिक विद्यालय डबली में कक्षा-कक्ष निर्माण के लिए विधायक कोष से 6-6 लाख रुपए, कुल 12 लाख रुपए की अनुशंसा की। इसके अलावा थानाणी गांव में बिजली की व्यवस्था के लिए विधायक कोष से 8.5 लाख रुपए पहले ही जारी किए जा चुके हैं। दोनों स्कूलों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण भी करवाया जाएगा।
