राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (राल्सा) के निर्देश पर फलोदी में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. अजय कुमार बिश्नोई ने पिछले दो सप्ताह में 14 बसों और 7 बाल वाहिनियों को सीज किया है। इसके अतिरिक्त, 38 अन्य वाहनों के चालान भी काटे गए। डॉ. बिश्नोई के निर्देशों पर परिवहन, यातायात और पुलिस विभाग के समन्वय से यह कार्रवाई की गई। सीज की गई 14 बसें संरचनात्मक परिवर्तन के कारण खतरनाक तरीके से संचालित हो रही थीं। वहीं, 32 अन्य बसों के चालान काटे गए। 8 अगस्त, 2026 को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक बाल वाहिनियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इसमें बिना फिटनेस, आरसी या परमिट के चल रही 7 बाल वाहिनियों को सीज किया गया और 6 के चालान काटे गए। अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फलोदी के सचिव डॉ. अजय कुमार बिश्नोई ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य वित्तीय संग्रहण नहीं है। इसका मुख्य लक्ष्य अनधिकृत संरचनात्मक परिवर्तन वाली बसों के संचालन को रोककर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कार्रवाई के दौरान डॉ. बिश्नोई वाहन चालकों और संचालकों को समझाते हैं और पूरी तरह फिट पाई जाने वाली बसों के संचालकों को प्रोत्साहित भी करते हैं।
