मोगा जिले में कोट ईसे खां थाना क्षेत्र में आंखों पर बाइक की लाइट पड़ने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 5 नामजद समेत तीन चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। गांव जनेर निवासी दलजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में दलजीत सिंह बताया कि, 14 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे उनके चाचा के लड़के परमजीत सिंह और जगसीर सिंह मोटरसाइकिल पर खेत से अपने घर लौट रहे थे। परिवार के सदस्यों को बुलाकर की मारपीट शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वे खोसा रणबीर वाली सड़क से अपने घर की गली में मुड़े, तो गली में रणजीत सिंह खड़ा था। रणजीत सिंह ने मोटरसाइकिल की लाइट आंखों में पड़ने को लेकर कथित तौर पर विवाद शुरू कर दिया और अपने परिवार के सदस्यों को बुला लिया। शोर सुनकर दलजीत सिंह घर से बाहर आए तो उन्होंने देखा कि नछत्तर सिंह और वीरपाल कौर, परमजीत सिंह के बाल पकड़कर मारपीट कर रहे थे। वहीं, सुखमंदर सिंह, लवप्रीत सिंह और रणजीत सिंह जगसीर सिंह के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट कर रहे थे। दातर से हमला करने का आरोप जब दलजीत सिंह ने परमजीत सिंह को छुड़ाने की कोशिश की, तो सुखमंदर सिंह अपने घर से दातर लेकर वापस आया। आरोप है कि रणजीत सिंह ने दलजीत सिंह पर पीछे से हमला किया, जबकि सुखमंदर सिंह ने दातर से उनके सिर पर वार किया। बचाव में हाथ ऊपर करने पर वार उनकी उंगली पर लगा, जिससे वह घायल हो गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, हमलावर ललकारे मारते हुए अपने घर चले गए। इसके बाद जब परिवार के लोग अभी गली में ही मौजूद थे, तो आरोपियों ने छत पर चढ़कर ईंट-पत्थरों से दोबारा हमला कर दिया। पुलिस ने दलजीत सिंह की शिकायत के आधार पर आरोपी रणजीत सिंह, नछत्तर सिंह, सुखमंदर सिंह, लवप्रीत सिंह और वीरपाल कौर सहित 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
