प्रदेश में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर गुरुवार को जिला प्रमुख पदों के आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। प्रतापगढ़ जिला परिषद के जिला प्रमुख का पद अब अनुसूचित जनजाति (एसटी) महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। पहले यह पद एसटी ओपन था। जिला परिषद में 8 पंचायत समिति प्रतापगढ़ जिले की जिला परिषद में कुल 25 वार्ड और 8 पंचायत समितियां शामिल हैं। इनमें प्रतापगढ़, अरनोद, छोटी सादड़ी, धरियावद, धमोतर, दलोट, सुहागपुर और पीपलखूंट पंचायत समितियां हैं। जिले की कुल आबादी 6 लाख 17 हजार 724 है। लंबे समय से जिला प्रमुख पद के आरक्षण को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। इस आरक्षण के बाद जिले के राजनीतिक समीकरणों में बदलाव की उम्मीद है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि आरक्षण के बाद कौन-कौन से राजनीतिक चेहरे जिला प्रमुख पद की दौड़ में सामने आते हैं और विभिन्न पंचायत समितियों में किस दल को कितना समर्थन मिलता है।
