खैरथल के झाड़का गांव स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में वरिष्ठ अध्यापक तेजवीर सिंह के स्थानांतरण के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। सुबह करीब 7:30 बजे ग्रामीण और विद्यार्थी स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी और विद्यालय स्टाफ मौके पर मौजूद रहा। 300 प्रतिशत बढ़ा नामांकन, 127 विद्यार्थी पढ़ रहे ग्रामीणों के अनुसार वरिष्ठ अध्यापक तेजवीर सिंह का तबादला राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मनोठड़ी, ब्लॉक किशनगढ़बास में किया गया है। उनके स्थानांतरण के बाद झाड़का विद्यालय में वरिष्ठ अध्यापक का पद रिक्त हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि तेजवीर सिंह के प्रयासों, ग्रामीणों की सहभागिता और भामाशाहों के सहयोग से विद्यालय की स्थिति में काफी सुधार हुआ। कुछ समय पहले कम नामांकन के कारण विद्यालय बंद होने की स्थिति में पहुंच गया था। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यालय के नामांकन में करीब 300 प्रतिशत की वृद्धि हुई और वर्तमान में 127 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कक्षाओं में एसी, आसपास के गांवों से बस सुविधा ग्रामीणों ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विद्यालय की कक्षाओं में एसी लगवाए गए हैं। इसके अलावा झाड़का के साथ तिनकीरुड़ी, माजरा, सोरवा, मुन्दपुर और मिर्जापुर सहित आसपास के गांवों से विद्यार्थियों के आवागमन के लिए बस सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। ग्रामीणों का दावा है कि बेहतर शैक्षणिक माहौल और सुविधाओं के कारण सरकारी विद्यालय के प्रति अभिभावकों का भरोसा बढ़ा है। इसी वजह से वे तेजवीर सिंह का स्थानांतरण रद्द कर उन्हें वापस झाड़का विद्यालय में लगाने की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों ने समझाइश की, धरना रहा जारी धरने की सूचना मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी रमेश चंद मेघ, सीबीईओ ओमप्रकाश वर्मा, हरसौली तहसीलदार राजेश शर्मा, नायब तहसीलदार वीरेन्द्र सैन सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं और धरना समाप्त करने की समझाइश की। हालांकि अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद ग्रामीणों ने धरना समाप्त नहीं किया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि तेजवीर सिंह को विद्यालय में वापस लगाए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। डेपुटेशन पर वापस लगाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी रमेश चंद मेघ ने बताया कि ग्रामीणों की मांग से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार से ही शिक्षण व्यवस्था के तहत वरिष्ठ अध्यापक तेजवीर सिंह को डेपुटेशन पर झाड़का विद्यालय में लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मांग के अनुरूप तेजवीर सिंह के स्थायी स्थानांतरण संबंधी प्रस्ताव भी सरकार को भेजा गया है। मांग पूरी नहीं हुई तो चुनाव बहिष्कार की चेतावनी ग्रामीणों ने कहा- वे तेजवीर सिंह को विद्यालय में वापस लगाए जाने की मांग पर कायम हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने मांग नहीं माने जाने पर आगामी चुनावों के बहिष्कार की भी चेतावनी दी है। धरने में कोटकासिम प्रधान डॉ. विनोद कुमारी सांगवान, सरपंच शीशराम चौधरी, किसान महापंचायत तहसील अध्यक्ष शेर सिंह चौधरी, सूबेदार दयाराम कटारिया, पूर्व सरपंच राजू, रोहतास पीटीआई, राकेश कुमार चौधरी, सुरजन हवलदार, सुबेसिंह नेताजी, अनिल चौधरी, पृथ्वी हवलदार, रवि कुमार, सतीश कुमार, बस्तीराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।