जयपुर। राजधानी जयपुर में बुधवार को एक कैदी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। करणी विहार थाना क्षेत्र के धावास स्थित जानकी विहार इलाके में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने सांगानेर खुली जेल में सजा काट रहे कैदी गंगासहाय कुमावत (45) को निशाना बनाया। बदमाशों ने उस पर तीन राउंड फायर किए। गोली लगने से गंगासहाय बाइक समेत सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गए।