जालोर विधायक व मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा-भाजपा को चुनौती देने वाला कोई नहीं है। चुनौती देने वाले लोग मरे पड़े हैं। किसी का हाथ टूटा हुआ है तो किसी का पैर या सिर फूटा हुआ है। इस पर कांग्रेस नेताओं ने जोगेश्वर के बयान को अमर्यादित बताते हुए सार्वजनिक रूप से उनसे माफी मांगने की मांग की है। दरअसल, आगामी निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की पहली संगठनात्मक बैठक मंगलवार शाम मलकेश्वर मठ स्थित गुरुकुल क्लासेज में हुई। इस दौरान विधायक जोगेश्वर गर्ग ने ये बातें कही। गर्ग के इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। 40 वार्डों में भाजपा का बोर्ड बनाने का लक्ष्य मंगलवार की रात हुई भाजपा संगठन की बैठक में विधायक गर्ग ने कार्यकर्ताओं से जालोर नगर परिषद के सभी 40 वार्डों में भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूछा कि क्या किसी को लगता है कि भाजपा को चुनाव जीतने में परेशानी होगी। इस पर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के मैदान में नहीं होने की बात कही। गर्ग ने कहा कि भाजपा को हराने वाला कोई सामने नहीं है, बल्कि भाजपा के कार्यकर्ता ही आपस में एक-दूसरे को हरा सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद छोड़कर संगठन के लिए एकजुट होकर काम करने की बात कही। कांग्रेस नेताओं पर टिप्पणी से बढ़ा विवाद बैठक के दौरान गर्ग ने कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि चुनौती देने वाले लोग मरे पड़े हैं। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि किसी का हाथ टूटा हुआ है तो किसी का पैर या सिर फूटा हुआ है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि 40 वार्डों को संभालने वाला कोई मजबूत नेता मैदान में खड़ा होने वाला हो तो बताया जाए। कांग्रेस ने प्रेस वार्ता कर जताई नाराजगी
गर्ग के बयान का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत, आहोर विधानसभा प्रत्याशी सरोज चौधरी, लक्ष्मण सिंह सांखला और बसंत सुथार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गर्ग के बयान की निंदा की। कुम्पावत ने कहा कि वरिष्ठ नेता होने के बावजूद गर्ग ने विपक्षी नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि गर्ग भाजपा के युवा नेताओं को भाषा पर संयम रखने की सलाह देते हैं, लेकिन खुद इस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। कांग्रेस ने इसे जनता के बीच गलत संदेश देने वाला बयान बताते हुए गर्ग से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। पानी की समस्या को लेकर भी भाजपा पर निशाना
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में जालोर शहर की समस्याओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने शहर में पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा- लोगों को टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है और कई क्षेत्रों में नलों से मीठा पानी नहीं आ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निकाय चुनाव में जनता इन मुद्दों का जवाब देगी। सरोज चौधरी बोलीं- कांग्रेस के खिलाफ गर्ग की टिप्पणी गलत कांग्रेस नेता सरोज चौधरी ने कहा- कांग्रेस के खिलाफ की गई टिप्पणी निंदनीय है। यदि गर्ग ने कांग्रेस नेताओं के टूटे हाथ-पैर को लेकर टिप्पणी की है, तो वह खुद को कांग्रेस में ऐसा नेता मानती हैं, जिसका पैर टूटा हुआ है। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर महिला सम्मान के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला सम्मान की बात करती है, लेकिन उसकी महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मंजू सोलंकी को भी मंच पर उचित स्थान नहीं दिया गया। वहीं, लक्ष्मण सिंह सांखला ने गर्ग पर तंज कसते हुए कहा कि लंबे समय तक विधायक रहने के बावजूद उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया और उनकी नाराजगी का असर अब कार्यकर्ताओं और विपक्ष के खिलाफ दिए जा रहे बयानों में दिखाई दे रहा है।