राजस्थान रोडवेज बस के ड्राइवर ने बुधवार शाम करीब चार बजे डैशबोर्ड पर पैर रखकर बस दौड़ाई। इस दौरान ड्राइवर उबासी लेता हुआ भी नजर आया। ड्राइवर ने 20 मिनट तक बस सवार 30 से अधिक यात्रियों की जान जोखिम में डाल दी। यह बस अजमेर से जयपुर जा रही थी और शाहपुरा डिपो की है। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसे बस में सवार एक यात्री ने अपने मोबाइल से बनाया है। बस अजमेर से दोपहर ढाई बजे रवाना हुई थी और करीब सवा पांच बजे जयपुर पहुंची। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पहले देखिए, घटना से जुड़ी ये 2 फोटो…
दूदू से जयपुर के बीच 20 मिनट तक इसी तरह चलाई बस वीडियो बनाने वाले पीसांगन पंचायत समिति के पूर्व सदस्य व पिचोलिया निवासी ओम सिंह राठौड़ ने बताया- ड्राइवर ने दूदू से जयपुर के बीच करीब 20 मिनट तक इसी तरह डैशबोर्ड पर पैर रखकर बस चलाई। हाईवे पर बस की रफ्तार भी काफी तेज थी। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अजमेर चीफ मैनेजर बोले- संबंधित डिपो या मुख्यालय करेगा कार्रवाई इस संबंध में अजमेर डिपो के चीफ मैनेजर रवि शर्मा से बात की गई, तो रवि शर्मा ने बताया- बस शाहपुरा-कोटपुतली डिपो की है। इसलिए इस मामले में संबंधित डिपो या रोडवेज मुख्यालय ही कार्रवाई करने के लिए अधिकृत है। शाहपुरा डिपो मैनेजर बोले- जांच कर करेंगे कार्रवाई शाहपुरा रोडवेज डिपो के मैनेजर हिमांशु ने कहा- यह मामला अभी मेरे संज्ञान (जानकारी) में नहीं आया है। वीडियो और मामले की पूरी जानकारी लेकर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। —- यह खबर भी पढ़िए… रोडवेज ड्राइवर ने कपड़े उतारकर दौड़ाई बस:स्टेयरिंग पर टिफिन रखकर खाना खाया; तेज आवाज में म्यूजिक बजाया राजस्थान रोडवेज के ड्राइवर ने निक्कर में बस दौड़ाई। बस अजमेर से कोटा जा रही थी, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में यात्री बैठे हुए थे। इसके वीडियो भी सामने आए हैं। जिसमें पहले ड्राइवर स्टेयरिंग पर टिफिन रखकर खाना खाते हुए बस चला रहा है। ड्राइवर ने बनियान और पजामा पहन रखा था। कुछ दूर चलने के बाद बनियान और पजामा उतार दिया, निक्कर में ही बस चलाने लगा। पढ़ें पूरी खबर