रेल मंत्रालय ने उधना से प्रयागराज जंक्शन के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को अब नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाने की मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से झालावाड़ जिले सहित राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से भवानीमंडी और रामगंजमंडी क्षेत्र के यात्रियों को स्थायी रेल सेवा का लाभ मिलेगा। रेल मंत्रालय के फैसले के अनुसार, ट्रेन संख्या 04125/04126 स्पेशल का संचालन अब स्थायी रूप से 20437/20438 प्रयागराज-उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में किया जाएगा। पश्चिम रेलवे जल्द ही इसके नियमित संचालन की तिथि घोषित करेगा। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 20437 प्रयागराज-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार सुबह 5:20 बजे प्रयागराज जंक्शन से रवाना होगी और अगले दिन मंगलवार सुबह 4:05 बजे उधना पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 20438 उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार सुबह 7:30 बजे उधना से चलकर बुधवार सुबह 6:45 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। यह ट्रेन अपने मार्ग में वडोदरा, रतलाम, भवानीमंडी, रामगंजमंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना, आगरा ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी और फतेहपुर सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी। अमृत भारत एक्सप्रेस के नियमित संचालन से व्यापार, शिक्षा, रोजगार और धार्मिक यात्राओं के लिए सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। लंबे समय से इस ट्रेन के स्थायी संचालन की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बेहतर, सुविधाजनक और भरोसेमंद रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
