बहरोड़ क्षेत्र के दहमी-रिवाली रोड पर रविवार सुबह रिवाली पंचायत की उपसरपंच के पति का शव मिला है। सिर में चोट का निशान मिलने पर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। आरओ वाटर सप्लाई करता था मृतक भीटेडा निवासी मृतक उपदेश यादव की पत्नी बबिता यादव रिवाली पंचायत की उपसरपंच है। उपदेश आरओ वाटर सप्लाई का काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना के बाद बहरोड़ थानाधिकारी रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस ने हत्या का अंदेशा जताया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा। घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य जानकारियां खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उपदेश यादव मौत से पहले किन लोगों के संपर्क में थे। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों के सामने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीण रविंद्र यादव ने कहा-उपदेश की किसी से दुश्मनी नहीं थी। उसका मर्डर किया गया है। पुलिस ने ग्रामीणों को आज शाम तक आरोपी को पकड़ने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
