राजधानी जयपुर में रविवार सुबह से ही भारी बारिश का दौर शुरू हो गया। इस तेज बारिश के कारण सिरसी रोड, वैशाली नगर, सांगानेर, गोपालपुरा और कालवाड़ समेत शहर के कई इलाकों में सड़कों पर भारी जलभराव हो गया। सड़कों पर जमा पानी की निकासी के लिए प्रशासन ने तुरंत मडपंप लगाए और वॉटरलॉगिंग (जलभराव) की समस्या को दूर करने का प्रयास किया। वहीं, निवारू रोड के लोग सड़क पर भरे पानी में धरने पर बैठ गए। प्रशासन से समस्या का समाधान जल्द करने की मांग उठाई। दूसरी ओर, जयपुर के ग्रामीण इलाकों में भी रात से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। जिले में सबसे ज्यादा बरसात आगरा रोड स्थित तूंगा में दर्ज की गई। लगातार हो रही इस बारिश के चलते आगरा रोड पर स्थित प्रसिद्ध कानोता बांध भी ओवरफ्लो हो गया और वहां पानी की चादर चलने लगी। वहीं, शहर के फूटा खुर्रा इलाके में भी सड़कों पर पानी भर गया और गलता जी मंदिर परिसर की सीढ़ियों से पानी बहने लगा। अब देखिए, जयपुर के मौसम से जुड़ी PHOTOS…
मडपंप लगाकर निकाला गया सड़कों पर भरा पानी जयपुर शहर में हुई हल्की बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भर गया। ड्रेनेज एंट्री पॉइंट पर कचरा फंसने और कई जगहों पर पानी की सुचारू निकासी न होने के कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। न्यू गेट के पास सड़क किनारे जमा पानी को निकालने के लिए प्रशासन को मडपंप (Mud Pump) लगाना पड़ा, जिसके बाद पानी की निकासी की जा सकी। सड़कों पर पानी बहा, बच्चे नहाने लगे जयपुर शहर के चारदीवारी एरिया में दिन में हुई तेज बारिश के बाद रामगंज, घाटगेट, गलता रोड, ब्रह्मपुरी, आमेर समेत कई जगह पानी की आवक हुई। छुट्टी के चलते बच्चे और बड़े सभी बारिश का आनंद लेते नजर आए। चारदीवारी में बच्चे बारिश के बीच सड़क पर बहते पानी में नहाते नजर आए। इधर नाहरगढ़, आमेर से लगती पहाड़ियों पर भी छोटे-छोटे झरने चलने लगे, जहां लोग बारिश और मौसम का मजा लेते दिखे। बारिश से गिरा तापमान, उमस से मिली राहत जयपुर में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। कल दिन का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस और बीती रात का न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे जयपुर में आज सुबह से ही घने काले बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने के साथ कई इलाकों में रिमझिम फुहारें गिरती रहीं, जिससे लोगों को उमस से बड़ी राहत मिली है। सामान्य से 25 फीसदी कम बरसे बदरा राजधानी जयपुर में इस मानसून सीजन में अब तक कुल 243.2 मिमी (MM) बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि सामान्य बारिश से करीब 25 फीसदी कम है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जयपुर में 1 जून से 8 अगस्त तक सामान्य तौर पर 322.3 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार मानसून की बारिश का आंकड़ा सामान्य से थोड़ा पीछे चल रहा है।