अलवर में महिला थ्री-फेज ट्रांसफार्मर पर चढ़ गई। महिला कभी बिजली के तारों को खींचती तो कभी उन्हें हटाने लगती। मौके पर मौजूद बिजली विभाग के कर्मचारी महिला को नीचे उतरने के लिए कहते रहे, लेकिन महिला उतरने की बजाय कर्मचारियों से बहस करने लगी। मामला रेणी इलाके के ग्राम भूड़ा का है। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला ट्रांसफार्मर पर चढ़ी नजर आ रही है। वीडियो में महिला के पति ने कहा- ‘मरती है तो मर जाने दो, यह तो लाइन काटकर ही नीचे आएगी।’ महिला को काफी समझाने के बाद भी वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं थी। बाद में कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की और महिला को ट्रांसफार्मर से नीचे उतारा। इस मामले में जेईएन (JEN) की ओर से संबंधित थाने में रिपोर्ट देकर विद्युत तंत्र से छेड़छाड़ और बिजली सप्लाई के कार्य में बाधा डालने के संबंध में कार्रवाई की मांग की गई है। पहले देखिए, मामले से जुड़ी 3 PHOTOS…
बिजली पोल टूटने के बाद शुरू करने पर हुआ था विवाद दरअसल, 4 अगस्त को भारी बारिश और जलभराव के कारण भूड़ा फीडर के करीब 6 बिजली पोल टूटकर गिर गए थे। इससे गांव के करीब 400 उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। इसके बाद विद्युत निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आखोदा फीडर से सिंगल फेज सप्लाई शुरू की थी। निगम के अनुसार खेतों में फसल खड़ी होने और पानी भरा होने के कारण थ्री-फेज सप्लाई तत्काल शुरू नहीं की जा सकी थी। 7 अगस्त की शाम निगम के कर्मचारी शटडाउन लेकर वैकल्पिक रूप से थ्री-फेज सप्लाई शुरू करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान दंपती मौके पर पहुंचे और बिजली व्यवस्था को लेकर विवाद हो गया। निगम का आरोप है कि महिला ट्रांसफार्मर पर चढ़ गई और विद्युत तंत्र के साथ छेड़छाड़ करने लगी।
