Siemens Energy Q1 Result: भारतीय शेयर बाजार मे आज गिरावट देखने को मिली है। सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 0.53 फीसदी या 422 अंक की गिरावट के साथ 78,532 पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, एनएसई निफ्टी इस समय 0.24 फीसदी या 60 अंक की गिरावट के साथ 24,577 पर ट्रेड करता दिखा। इस गिरावट के बीच एक शेयर ऐसा भी दिखा, जिसमें भारी खरीदारी देखी गई। जून तिमाही के अच्छे नतीजों ने शुक्रवार को सीमेंस एनर्जी (Siemens Energy India) के शेयरों में जान फूंक दी। कंपनी का मुनाफा, रेवेन्यू और ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस सभी बाजार के अनुमान से बेहतर रहे। इसका असर यह हुआ कि कारोबार के दौरान शेयर करीब 13% चढ़ गया। डिमर्जर के बाद यह कंपनी के शेयर की अब तक की सबसे बड़ी एकदिनी तेजी है।
