शहीदों के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर 50 साल के नरेंद्र यादव साइकिल यात्रा पर निकले हैं। यादव जम्मू-कश्मीर के रेजांगला (अहीर धाम) से कन्याकुमारी तक साइकिल पर यात्रा कर रहें है। नरेंद्र यादव हरियाणा के भिवानी जिले के नंदगांव के रहने वाले हैं। नरेंद्र यादव ने बताया कि वे अपने साथ रेजांगला के शहीदों की पावन मिट्टी लेकर चल रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य देशभर में शहीदों के सम्मान का संदेश देना और लोगों को उनके नाम पर एक-एक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करना है। यादव ने बताया कि वे एक दिन में 100 से 150 किमी की यात्रा कर रहे है। यात्रा के दौरान गुरुवार को जयपुर पहुंचे। भास्कर से बातचीत में बताया कि 2020 में दूसरी मंजिल से गिरने पर हाथ और पैर की हड्डियां टूट गई थीं। इसके बाद भी हिम्मत नहीं हारी और साइकिल यात्रा जारी रखी। राम मंदिर बनने के बाद पूरा किया संकल्प नरेंद्र यादव ने बताया कि कुछ साल पहले वे अपने दो दोस्तों के साथ कार से विशाखापट्टनम गए थे। उसी दौरान तीनों दोस्तों के बीच यह संकल्प लिया गया था कि अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद वे विशेष यात्रा करेंगे। पहले उन्होंने पैदल यात्रा करने का निर्णय लिया था, लेकिन गांव के लोगों ने इतनी लंबी दूरी पैदल तय करने से मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने साइकिल यात्रा शुरू करने का फैसला लिया। साल 2021 में वे नंदगांव से अयोध्या तक भी साइकिल यात्रा कर चुके हैं। दूसरी मंजिल से गिरने के बाद भी नहीं हारी हिम्मत नरेंद्र यादव ने बताया- वे पेशे से कंस्ट्रक्शन मिस्त्री हैं। एक बार बिल्डिंग निर्माण के दौरान दूसरी मंजिल से गिरने से उनके हाथ और पैर की हड्डियां टूट गई थीं। इसके बाद लंबे समय तक उन्हें बिस्तर पर रहना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। स्वस्थ होने के बाद उन्होंने फिर से साइकिल यात्रा शुरू की। परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। सामान्य साइकिल से कर रहे हजारों किलोमीटर की यात्रा नरेंद्र यादव ने बताया कि उनके पास कोई रेसिंग साइकिल नहीं है। इसके बावजूद वे सामान्य 24 इंच की साइकिल से ही हजारों किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं। अब गांव के एक साथी ने उन्हें करीब एक लाख रुपए की रेसिंग साइकिल देने का वादा किया है। 24 हजार किलोमीटर की यात्रा, देहदान का भी लिया संकल्प नरेंद्र यादव ने बताया कि वे अब तक करीब 24 हजार किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर चुके हैं। इसी वजह से लोग उन्हें ‘साइकिलिस्ट मैन’ के नाम से जानते हैं। उन्होंने बताया कि उनके सामाजिक कार्यों के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। उन्होंने अपनी देहदान की भी घोषणा कर रखी है। उनका कहना है कि जीवन के साथ-साथ मृत्यु के बाद भी उनका शरीर समाज के काम आए, यही उनकी इच्छा है। उन्होंने कहा कि जब तक शरीर साथ देगा, वे शहीदों के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति का संदेश लेकर देशभर में साइकिल यात्रा करते रहेंगे। जयपुर में किया स्वागत जयपुर के झोटवाड़ा स्थित बोरिंग चौराहे पर अखिल भारतीय यादव महासभा ने नरेंद्र यादव का दुपट्टा और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इस दौरान युवा प्रदेश अध्यक्ष सांवर मल यादव, प्रदेश महासचिव रामकुंवर यादव, प्रदेश सचिव मामराज यादव, समाजसेवी जगदीश यादव, कालूराम यादव, बंशी यादव, अशोक यादव, पप्पू लाल यादव, रतन लाल यादव, बाबूलाल यादव, अर्जुन राम यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।