पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत विजिलेंस ब्यूरो को एक और बड़ी सफलता मिली है। विजिलेंस ब्यूरो फरीदकोट की टीम ने फाजिल्का में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी फ्रॉड सेल के इंचार्ज एएसआई हरकेश शर्मा को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर एक सुनियोजित जाल (ट्रैप) बिछाकर की गई। मिली जानकारी के मुताबिक, एंटी फ्रॉड सेल के पास हाल ही में दो पक्षों के बीच करीब 11 से 12 लाख रुपये के पैसे के लेनदेन से जुड़ा एक मामला आया था। आरोप है कि इस मामले की जांच कर रहे एएसआई हरकेश शर्मा ने एक पक्ष के हक में फैसला करवाने और कानूनी कार्रवाई को उनके पक्ष में मोड़ने का भरोसा दिया। इसके बदले में आरोपी एएसआई ने मोटी रिश्वत की मांग की थी। विजिलेंस ने ऐसे बिछाया जाल संबंधित पक्ष रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके बाद उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत विजिलेंस ब्यूरो फरीदकोट को दे दी। शिकायत मिलते ही विजिलेंस टीम ने तुरंत जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी एएसआई हरकेश शर्मा ने तय रणनीति के तहत फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर रिश्वत की रकम पकड़ी, विजिलेंस की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया।
एसएसपी कार्यालय में हुई कागजी कार्रवाई गिरफ्तारी के तुरंत बाद विजिलेंस की टीम आरोपी एएसआई को फाजिल्का स्थित एसएसपी कार्यालय की दूसरी मंजिल पर स्थित एंटी फ्रॉड सेल के दफ्तर लेकर पहुंची। वहां करीब कई घंटों तक मामले से जुड़ी आवश्यक कागजी और कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। आगे की कार्रवाई जारी कार्रवाई मुकम्मल होने के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया और कोर्ट में पेशी के लिए फरीदकोट ले गई है। विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और इस मामले में गहनता से जांच जारी है कि क्या इसमें कोई और भी शामिल था।
