आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, विभिन्न चुनावी प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मतदाता सूचियों के अद्यतन, मतदान केंद्रों के निरीक्षण व सत्यापन, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, प्रशिक्षण, मतदाता जागरूकता तथा कानून-व्यवस्था सहित चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप हो काम जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने चुनाव से संबंधित सभी तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। मतदाता सूची और मतदान केंद्रों पर विशेष फोकस बैठक में मतदाता सूचियों के अद्यतन, मतदान केंद्रों के भौतिक निरीक्षण और बूथों के सत्यापन पर विस्तार से चर्चा हुई। मतदान केंद्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इन सभी तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी सामने नहीं आए। चुनावी प्रकोष्ठों का गठन और प्रशिक्षण बैठक में विभिन्न चुनावी प्रकोष्ठों के गठन और उनके प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक मतदाता चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी कर सकें। कानून-व्यवस्था और आचार संहिता पर रहेगी नजर जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना और पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं। अधिकारी व्यक्तिगत और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, सभी उपखंड अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उपअधीक्षक एवं विभिन्न चुनावी प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे। वहीं, सहायक अधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।