डीडवाना-कुचामन जिले में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत 30 सितंबर 2026 तक जिलेभर में विभिन्न स्तरों पर दिव्यांग कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी रजनीश चौधरी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा संख्या 32 के तहत डीडवाना-कुचामन जिले के 560 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं उपकरण प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक कार्यदिवस पर कैंप लगाकर पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हीकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कैंप नगर परिषद डीडवाना में, ब्लॉक स्तरीय कैंप संबंधित पंचायत समितियों में और पंचायत स्तरीय कैंप संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालयों में आयोजित होंगे। इन कैंपों में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दिव्यांगजनों की पहचान की जाएगी। जिले के ऐसे दिव्यांगजन जिन्हें कृत्रिम अंग या अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता है, वे इन कैंपों में पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए उन्हें अपनी SSO ID का उपयोग करके SSO पोर्टल पर SJMS DSAP (मुख्यमंत्री संयुक्त सहायता अनुदान योजना) के तहत ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए UDID कार्ड, आधार कार्ड, जन आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र या संबंधित दस्तावेज और आय प्रमाण पत्र आवश्यक होंगे। आय प्रमाण पत्र में यह दर्शाना अनिवार्य है कि आवेदक आयकरदाता नहीं है। पात्रता के अनुसार, PPO जैसे अन्य दस्तावेज भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं। समाज कल्याण विभाग ने जिले के अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों से इन कैंपों का लाभ उठाने और निर्धारित समय पर आवेदन करने की अपील की है।