अलवर शहर में बुधवार शाम करीब 6 बजे मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे जोरदार बारिश हुई। शहर के कई बाजार और सड़कें पानी में डूब गईं। त्रिपोलिया, अशोक टॉकीज, बस स्टैंड, नांगली सर्किल, जेल चौराहा, मालाखेड़ा बाजार और सर्राफा बाजार सहित कई इलाकों में पानी भर गया। घोड़ाफेर चौराहा और बस स्टैंड की सड़के तालाब बन गई। कई जगह बाजारों में करीब दो फीट तक पानी भर गया, जबकि नालों का पानी भी सड़कों पर बहने लगा। बारिश के कारण वाहन चालकों और पैदल लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। देखें बारिश से सड़कों पर पानी के PHOTOS मंदिर के बाहर पानी भरा, श्रद्धालु अटके पुलिया महादेव मंदिर के बाहर भी पानी भर गया। यहां दर्शन के लिए आए श्रद्धालु बारिश रुकने का इंतजार करते हुए पानी में खड़े नजर आए। मंदिर परिसर के बाहर करीब एक फीट तक पानी जमा हो गया। आधे घंटे की तेज बारिश के बाद कुछ देर बारिश धीमी हुई, लेकिन फिर दोबारा तेज बारिश शुरू हो गई। दिनभर शहर में मौसम साफ रहा और दोपहर में तेज धूप निकलने से उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि शाम की बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने 10 अगस्त तक जिले में रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
