जोधपुर शहर में बुधवार देर रात दो बसों में आग लगाने का मामला सामने आया है। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों बसें धू-धू कर जल गईं। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने तक दोनों बसें पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को बस रूट के विवाद और आपसी रंजिश के सबूत मिले हैं। पुलिस ने प्रतापनगर और राजीव गांधी नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया है। रंजिश के चलते आग लगाने का आरोप बस मालिक महिपाल सिंह खिरजा ने बताया कि उनकी बसें जोधपुर-शेरगढ़ ग्रामीण रूट पर चलती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके का एक नामजद हिस्ट्रीशीटर काफी समय से उनसे रंगदारी की मांग कर रहा था। जब उन्होंने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी ने रंजिश में आकर उनकी दोनों बसों में आग लगा दी। जिसमें पहली घटना कायलाना रोड पर संबोधित धाम और दूसरी चौपासनी रोड के पास बस में आग लगा दी गई। 1 साल पहले भी की थी ऐसी ही वारदात पीड़ित बस मालिक के मुताबिक, आरोपी हिस्ट्रीशीटर पहले भी बसों में आगजनी की वारदात कर चुका है और जेल जा चुका है। करीब एक साल पहले भी उसने चाबा गांव में उनकी एक बस को आग लगा दी थी। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस प्रारंभिक जांच में पुलिस को बस रूट के विवाद और आपसी रंजिश के सबूत मिले हैं। पुलिस ने प्रतापनगर और राजीव गांधी नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद पुलिस आसपास की जगह के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
