बीजेपी एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के राष्ट्रीय संयोजक लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत रविदास हमारी श्रृद्धा और विश्वास का केंद्र हैं इसलिए हम उनकी जंयती मना रहे हैं। जब तुम्हारे पास (कांग्रेसियों) पास सत्ता रहती है तो तुम न तो रविदास को याद करते हो, न ही वाल्मिकी का स्मरण करते हो और न ही अंबेडकर को पूजते हो। तुम तो नेहरू और इंदिरा को पूजते हो, यह तुम्हारी और हमारी विचारधारा में अंतर हैं। हम बिरसा मुंडा, संत रविदास, अहिल्या बाई होल्कर की जयंती मनाते है, क्योंकि पीएम मोदी हिंदुस्तान की समाजिक समरसता की परंपरा का पालन करते हैं आर्य आज जयपुर में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष में आयोजित समरसता संकल्प अभियान के प्रदेश स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में सीएम भजनलाल शर्मा और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद रहे। इस मौके पर सीएम ने प्रदेश की 25 लोकसभाओं के लिए संत रविदास के रज कलश रथों को भी रवाना किया। राठौड़ बोले- हमारे महापुरुषों के सम्मान को कम करने का काम किया गया बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि जब मैं 1967 में 7वीं क्लास में था, तब इतिहास की किताब में संत रविदास के दोहे पढ़ाए जाते थे। बीच में एक समय ऐसा आया, जब हमारी सांस्कृतिक विरासत को भुलाने का काम किया गया। हमारे महापुरुषों के सम्मान को कम करने का काम किया गया। आप जानते है कि पहले भारत में मुगल आए तो उन्होंने हमारे धार्मिक स्थलों को तोड़ने का काम किया। उन्होंने हमारी गौरव गाथा को गुलाम वंश बताकर हमें पढ़ाने का काम किया, जिससे हमारे मन में इस प्रकार का भाव पैदा हो जाए कि हम तो दीनहीन और दया के पात्र हैं। इसके बाद आए अंग्रेजों ने भी यहीं काम किया। फिर आजादी के बाद पहले चरण में हमारे महापुरुषों के बारे में जरूर पढ़ाया गया लेकिन बीच में फिर पाठ्यक्रम को बदला गया और महापुरुषों के बारे में बताने से परहेज किया जाने लगा। हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया जाना चाहिए, जिन्होंने एक बार फिर से इस बात को पहचाना कि देश में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पैदा करने के लिए महापुरुषों के बारे में युवा पीढ़ी को बताना जरूरी हैं। सीएम ने कहा- एक करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा से जोड़ा सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान का संत रविदास से ऐतिहासिक संबंध रहा है और चित्तौड़गढ़ में विकसित किया गया उनका पैनोरमा नई पीढ़ी को उनके विचारों से जोड़ने का माध्यम बनेगा। सीएम ने कहा कि संत रविदास के सामाजिक समरसता के विचार पर ही केन्द्र सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दे रही हैं। वहीं इसी विचारधार के तहत ही प्रदेश सरकार ने 1 करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा से जोड़ा हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे संत रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
