गुरदासपुर के बटाला के गांव सिंघोवाल स्थित बाबा बोहड़ शाह जी के पावन स्थान पर शंकर क्लब द्वारा प्रथम विशाल छिंझ (कुश्ती) मेले का भव्य और सफल आयोजन किया गया। शिवसेना नेता पंकू सूर्यवंशी तथा हैप्पी फाइनेंसर के नेतृत्व में आयोजित इस खेल मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने शिरकत की। पारंपरिक छिंझ मेले में पंजाब की समृद्ध खेल संस्कृति का शानदार नजारा देखने को मिला। दिनभर चले रोमांचक कुश्ती मुकाबलों में विभिन्न अखाड़ों से आए पहलवानों ने अपने दमखम और दांव-पेच से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेले की मुख्य और प्रतिष्ठित माली की कुश्ती अमृतसर के सुखराज पहलवान ने अपने नाम की। वहीं, जीतू पहलवान ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन कर खूब वाहवाही लूटी। समागम में महंत प्रवीण बाबा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि पिंदरपाल राजू, लक्की जकड़ियां, सोनू सराफ और कमल बिट्टू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का आह्वान संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महंत प्रवीण बाबा ने कहा कि पारंपरिक खेल हमारी प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों का त्याग कर कुश्ती और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों से जुड़ें। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मबल और स्वस्थ जीवनशैली का संचार करते हैं। आयोजक पंकू सूर्यवंशी ने कहा कि पंजाब की वास्तविक पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति और खेलों से ही है। युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़े रखने के लिए ग्रामीण स्तर पर ऐसे खेल मेलों का आयोजन बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे मंच प्रदान किए जाते रहेंगे ताकि नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आ सकें। इस छिंझ मेले को सफल बनाने में सरपंच गुरनाम सिंह गामा, मेंबर सतिंद्र कुमार नीटा, सरबजीत बिल्ला, नरिंद्र सिंह, रवि कुमार लाली, जै मुनी, पंकू, राजन, साजन, जसवंत सिंह और लंबड़दार लड्डू समेत समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।