कपूरथला शहर के मोहल्ला त्रिलोकीनाथ में मंगलवार को एक बेहद दुखद हादसा सामने आया, जहां पानी से भरी बाल्टी में गिरने के कारण एक साल की बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान खुशी पुत्री रवि महतो के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक वर्षीय मासूम खुशी अपने घर में खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। जैसे ही परिजनों की नजर उस पर पड़ी, उन्होंने तुरंत उसे बाहर निकाला और बदहवास हालत में इलाज के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला लेकर पहुंचे। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर साहिल गर्ग ने बच्ची का परीक्षण करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम बच्ची की मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस को सूचित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद मौके का मुआयना किया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।