कोटा जिले की सांगोद पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 126 किलो 740 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। यह कार्रवाई सांगोद थाना पुलिस ने माल बावड़ी के पास कोटड़ी रोड स्थित एक खेत के किनारे की है। पुलिस की आहट मिलते ही तस्कर खेत में 9 कट्टों में भरा डोडा चूरा छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए कार से फरार हो गए। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। माल बावड़ी के खेत के किनारे संदिग्ध पड़े मिले कट्टे पुलिस एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे थानाधिकारी पवन कुमार को मोबाइल के जरिए सूचना मिली कि माल बावड़ी के पास खेत के किनारे संदिग्ध कट्टे पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां काले रंग के कुल 9 कट्टे बरामद हुए। पुलिस की गश्त के कारण डोडा चूरा छोड़ भागे तस्कर पुलिस ने जब कट्टों की जांच की तो सभी में अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा भरा हुआ मिला। जिसका कुल वजन 126 किलो 740 ग्राम हुआ, जिसे नियमानुसार जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तस्करों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इलाके में लगातार हो रही प्रभावी रात्रि गश्त के कारण तस्कर घबराकर मादक पदार्थ से भरे कट्टों को खेत में छोड़कर वाहन सहित फरार हो गए। इस मामले में सांगोद थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।